Thar पोस्ट, न्यूज। बीकानेर निवासी 47 वर्षीया आशकी का जीवन संघर्षों से भरा है। उनके पति का 10 वर्ष पूर्व निधन हो गया था। आशकी ने अपने तीन बच्चों के पालन-पोषण की जिम्मेवारी अकेले ही उठाई। वे ऊन कोटड़ी में श्रमिक हैं, पर सीमित आय के कारण महंगाई से परेशान थीं। वे राजस्थानी भाषा अकादमी परिसर में संचालित महंगाई राहत कैम्प में आईं और यहां उन्हें एक साथ 7 कल्याणकारी योजनाओं के लाभ मिलने के संबंध में मुख्यमंत्री गारंटी कार्ड प्रदान किये गये। अब उन्हें हर महीने 1000 रुपए पेंशन, निःशुल्क फूड पैकेट, 100 यूनिट निःशुल्क बिजली, 500 रुपये में गैस सिलेंडर, 125 दिन रोज़गार मिलेगा, साथ ही उनके परिवार का स्वास्थ्य व दुर्घटना बीमा भी हो गया है जिससे किसी अनहोनी में उन्हें आर्थिक संबल मिल सकेगा।आशकी ने भावुक होते हुए कहा कि मुझे एक साथ इतनी बेहतरीन योजनाओं का लाभ देने के लिए राज्य सरकार को धन्यवाद, इससे मेरे परिवार को बहुत सहारा मिलेगा।
शुक्रवार को विभिन्न स्थानों पर होंगे महंगाई राहत शिविर
बीकानेर। महंगाई राहत कैंप, प्रशासन शहरों के संग तथा प्रशासन गांव के संग अभियान के तहत शुक्रवार को विभिन्न क्षेत्रों में शिविर होंगे।
जिला कलक्टर भगवती प्रसाद कलाल ने बताया कि बीकानेर नगरीय क्षेत्र में वार्ड 76 का शिविर आसाणियों का चौक स्थित सूरज भवन, वार्ड 63 का शिविर पुरानी जेल रोड स्थित स्वर्णकार पंचायती भवन, वार्ड 34 का जेएनवी कॉलोनी स्थित शिव मंदिर तथा वार्ड 35 का सर्किट हाउस के पास स्थित कार्यालय सैनिक विश्राम गृह में शिविर आयोजित होंगे। इसके अलावा शहरी क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर स्थाई महंगाई राहत कैंप 30 जून तक आयोजित होंगे।
इसी श्रृंखला में नगरपालिका श्रीडूंगरगढ़ वार्ड नं. 16 का शिविर राजकीय विद्यालय पंचायत समिति के पीछे, देशनोक के वार्ड 10 का शिविर सामुदायिक भवन तथा नोखा के वार्ड नं. 15 का शिविर राधादेवी चांडक भवन एवं वार्ड 16 का पंचारिया चौक में शिविर होंगे।
इसी प्रकार प्रशासन गांवों के संग अभियान के तहत बीकानेर के रामसर एवं गुसाईसर, लूणकरणसर के उदाणा एवं रामसरा, श्रीडूंगरगढ़ के जैतासर एवं जोधासर, नोखा के हियांदेसर, रातड़िया एवं कूकणिया, बज्जू के माणकासर, पूगल के सियासर पंचकोसा, छत्तरगढ़ के शेरपुरा 1 एसएम, खाजूवाला के सियासर चौगान में शिविर आयोजित होंगे।