Thar पोस्ट, न्यूज। जिला कलक्टर भगवती प्रसाद कलाल ने शहर के मुख्य मार्गों के समस्त डिवाइडरों की मरम्मत, रंग रोगन व सौंदर्यीकरण का काम मिशन मोड पर करने के निर्देश दिए हैं । जिला कलक्टर ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में नगर निगम और नगर विकास न्यास अधिकारियों के साथ बैठक कर यह निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर से गुजरने वाले सभी मुख्य मार्गों पर बने डिवाइडरों की मरम्मत, रंग- रोगन के काम में इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना के श्रमिक नियोजित करते हुए इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता से करवाया जाए।
जिला कलक्टर ने कहा कि इस कार्य के लिए नगर निगम और नगर विकास न्यास समन्वय करते हुए कार्य करें। शहर के किसी भी डिवाइडर पर झाड़ झंकाड, टूट-फूट ना मिले । न्यास और निगम के वरिष्ठ अधिकारी कार्य की स्वयं मॉनिटरिंग करेंगे। जिला कलक्टर भगवती प्रसाद कलाल ने कहा कि डिवाइडर के आस पास व मार्जिन क्षेत्र में एकत्र मिट्टी इत्यादि को भी हटवाया जाए और साफ – सफाई पर भी विशेष ध्यान दें।
डॉ करणी सिंह स्टेडियम में रंग रोगन का काम जारी
जिला कलक्टर भगवती प्रसाद कलाल ने बताया कि राष्ट्रीय संस्कृति महोत्सव के आयोजन के मद्देनजर डॉ करणी सिंह स्टेडियम में मरम्मत और रंग रोगन का कार्य करवाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि स्टेडियम के सौंदर्यकरण के साथ-साथ साफ़ सफाई, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य समस्त व्यवस्थाएं सुचारू करने के निर्देश जारी किए गए हैं।जिला कलक्टर ने बताया कि 25 फरवरी से 5 मार्च तक आयोजित होने वाले राष्ट्रीय संस्कृति महोत्सव के तहत देशभर के करीब एक हजार लोक कलाकार बीकानेर आएंगे, इसके मद्देनजर विशेष तैयारियां करवाई जा रही है।**
ऊर्जा मंत्री ने आमजन से की मुलाकात, सुनी समस्याएं ऊर्जा मंत्री भंवर सिंह भाटी ने मंगलवार को अपने आवास पर आमजन से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनी।
इस दौरान उन्होंने सरकार की फ्लेगशिप योजनाओं की जानकारी दी और कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इन योजनाओं की जानकारी पहुंचाने में जनप्रतिनिधि सहयोग करें। उन्होंने कहा कि सरकार ने पिछड़े वर्गों को मुख्य धारा से जोड़ने के लिए अनेक योजनाएं चलाई हैं। मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा और इंदिरा रसोई जैसी योजनाएं, पूरे देश के लिए नजीर हैं। उन्होंने कहा कि इनका लाभ पात्र व्यक्ति तक पहुंचे, यह हमारा सामूहिक दायित्व है।
इस दौरान गड़ियाला का प्रतिनिधिमंडल ऊर्जा मंत्री से मिला। यहां के ग्रामीणों ने गांव की क्षतिग्रस्त सड़क के पुनः निर्माण की मांग रखी। उन्होंने बताया कि पानी जमा रहने से यह सड़क बार-बार टूट जाती है। इसके मद्देनजर उन्होंने पानी भराव की समस्या से निजात दिलाने और इस रोड को रोड को सीसी रोड बनाने की बात कही। ऊर्जा मंत्री ने इस संबंध में कार्यवाही के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
ग्रामीणों ने श्रीकोलायत विधानसभा क्षेत्र में पानी-बिजली, सड़क, चिकित्सा विभाग से संबंधित आवश्यकताएं रखी।
इस दौरान जोधपुर विद्युत वितरण निगम के अधीक्षण अभियंता राजेंद्र सिंह मीणा, अधिशासी अभियंता बीआरके रंजन सहित अन्य अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।

लंबित ना रहे पट्टे का एक भी आवेदन- संभागीय आयुक्त
वीसी के माध्यम से संभाग में प्रशासन शहरों के संग अभियान की समीक्षा की
बीकानेर। संभागीय आयुक्त डॉ नीरज के पवन ने कहा कि संभाग के सभी नगरीय निकाय राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप काम करते हुए शहरी क्षेत्र में अधिक से अधिक पात्र लोगों के पट्टे जारी करें। डॉ नीरज के पवन ने मंगलवार को वीसी के माध्यम से प्रशासन शहरों के संग अभियान की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि पट्टे के लिए आने वाले आवेदन अनावश्यक रूप से लंबित ना रहे। आवेदनों को निस्तारित करने की गति बढ़ाई जाए । उन्होंने कहा कि सही पत्रावली का पट्टा जारी करें और यदि पत्रावली में कोई कमी है तो कारण सहित स्पष्टीकरण देते हुए उसे निस्तारित किया जाए, अनावश्यक रूप से कोई भी प्रकरण लंबित नहीं होना चाहिए।
जिला कलक्टर भगवती प्रसाद कलाल ने बताया कि नगर विकास न्यास द्वारा नियमित रूप से पट्टे जारी किए जा रहे हैं। आमजन को लाभ देने के उद्देश्य से न्यास द्वारा 12 कच्ची बस्तियों को डिनोटिफाई किया गया है। उन्होंने बताया कि गत 6 माह में 2100 पट्टे न्यास द्वारा जारी किए गए हैं जबकि गत एक सप्ताह में 300 पट्टे जारी किए जा चुके हैं।
संभागीय आयुक्त ने देशनोक, नोखा और श्रीडूंगरगढ़ नगरपालिका में भी पट्टे जारी किए जाने की स्थिति की समीक्षा की और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
संभागीय आयुक्त ने नगर निगम आयुक्त को पट्टे जारी करने की कार्यवाही में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग करते हुए कार्य करें।
संभागीय आयुक्त ने चूरु, हनुमानगढ़ और गंगानगर में जिला कलेक्टरों से अब तक हुई प्रगति की जानकारी ली और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
