तीन वर्षों में शहर की सड़कों के लिए स्वीकृत करवाए 22.50 करोड़ : डॉ. कल्ला*
Thar पोस्ट, न्यूज बीकानेर। शिक्षा मंत्री डॉ. बी. डी. कल्ला ने 155 लाख रुपये की लागत से गोकुल सर्किल से मुरलीधर व्यास कॉलोनी तक बनने वाली सड़क का गुरुवार को शिलान्यास किया।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि गत तीन वर्षों में शहर की सड़कों के निर्माण और सुदृढ़ीकरण के लिए 22.50 करोड़ रुपए स्वीकृत करवाए गए हैं। महानगरों की तर्ज पर बीकानेर शहर में नोखा रोड, जैसलमेर रोड और जयपुर रोड पर सड़क के चौडाईकरण और सुदृढ़ीकरण का कार्य किया जा रहा है। श्रीगंगानगर रोड को स्मार्ट सिटी योजना के तहत सिक्स लाइन रोड बनाया जाना प्रस्तावित किया गया है।शिक्षा मंत्री ने कहा कि कोटगेट सहित चार शहर के चारों ऐतिहासिक दरवाजो का सौंदर्यकरण एवं लाइटिंग का कार्य करवाया जा चुका है। लगभग एक करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली सिटी डिस्पेंसरी न.6 का भवन लगभग पूर्णता की ओर है। उन्होंने कहा कि राजकीय जिला अस्पताल (सेटेलाईट) में सोनोग्राफी एवं एक्स-रे मशीन शीघ्र मुहैया करवाई जाएंगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा गोपालकों के लिए दूध में अनुदान, बेरोजगारों के लिए इंदिरा गांधी रोजगार गारंटी योजना में 100 दिन का रोजगार और आमजन के लिए 50 यूनिट विद्युत और 15 हजार लीटर पानी निशुल्क उपलब्ध करवाया जा रह है। उन्होंने बताया कि हाल ही में राष्ट्रीय स्तर पर हुए एक सर्वे में राज्य, शिक्षा में टॉप- 3 प्रदेशों में शामिल रहा। वहीं मेडिकल सेवाओं ने राजस्थान, देश में पहले स्थान पर है।
इस दौरान सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता मुकेश गुप्ता ने विभाग द्वारा करवाये जा रहे विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी दी। कार्यक्रम में नवरतन व्यास, पूनम व्यास, पार्षद विजयसिंह राजपूत, दुर्गादास छंगाणी, शिवकुमार व्यास, अशोक पुरोहित, भरत पुरोहित, संतोष रंगा, विष्णुकुमार रंगा, भंवरलाल बोहरा, जसवंत सिंह, सुमित कोचर, अधिशासी अभियंता नरेश जोशी, जे.पी.अरोड़ा, सहायक अभियंता कुसुम आचार्य मौजूद रहे।

बीकानेर के तीरंदाजों ने देश-विदेश में राज्य का नाम किया रोशन 
Thar पोस्ट। शिक्षा मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला ने 66वीं जिला स्तरीय स्कूली खेलों के तहत आयोजित तीरंदाजी प्रतियोगिता (अंडर 17 एवं 19 वर्ष आयुवर्ग) का गुरुवार को शुभारंभ किया।
राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, बारहगुवाड़ द्वारा एम.एम. ग्राउंड में आयोजित शुभारंभ समारोह के दौरान शिक्षा मंत्री ने कहा कि बीकानेर के तीरंदाजों ने राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन किया है। यह बीकानेर में खेले जाने वाले प्रमुख खेलों में शामिल होने लगा है। उन्होंने कहा कि श्याम सुंदर स्वामी जैसे तीरंदाजों ने तीरंदाजी में बीकानेर का मान बढ़ाया है।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि खिलाड़ी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए मेहनत व लगन के साथ अभ्यास करें, जिससे ओलंपिक जैसे स्तरीय खेलों में देश का प्रतिनिधित्व बढ़ेगा। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि आज बच्चे मोबाइल एवं वीडियो गेम में अपनी ऊर्जा व्यय कर रहे हैं। इससे बच्चे के मस्तिष्क का संपूर्ण विकास नहीं हो पाता है। उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि खेल के दौरान खेल की भावना रखें। शिक्षा मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए संकल्पबद्ध है। राज्य सरकार द्वारा खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न राजकीय नौकरी दी जा रही है। इसके अतिरिक्त अंतरराष्ट्रीय स्तर की स्पर्धाओं में स्वर्ण, रजत तथा कांस्य पदक जीतने पर क्रमशः 3, 2 व 1 करोड़ रुपए की राशि दी जा रही है। शिक्षा मंत्री ने कहा कि खेलों के विकास के लिए उनके द्वारा भी प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पाठ्य पुस्तक मंडल की ओर से तीन धनुष उपलब्ध करवाए जाएंगे। साथ ही अंतराष्ट्रीय साइकिल धावक पूजा जाट को विधायक निधि से लगभग 8.5 लाख रुपए की साइकिल उपलब्ध करवाई गई है।
उन्होंने कहा कि शारीरिक रूप से फिट रहने के लिए नियमित रूप से योग करें, नशे से दूर रहें एवं सुपाच्य भोजन करें। शिक्षा मंत्री ने तीर चला कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। तीरंदाजी कोच अनिल जोशी ने प्रतियोगिता की रूपरेखा के बारे में बताया। राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय की प्राचार्या मधु पुरोहित ने आभार जताया। साहित्यकार डॉ. कृष्णा आचार्य ने शिक्षा मंत्री को अपनी दो पुस्तकें भेंट की। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) सुरेंद्र सिंह भाटी, उप जिला शिक्षा अधिकारी (शारीरिक शिक्षा) अनिल बोड़ा, उप जिला शिक्षा अधिकारी पदमा तिलवानी, सहायक निदेशक (जनसंपर्क) हरि शंकर आचार्य, कन्हैया लाल रंगा, आनंद व्यास बतौर अतिथि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन यास्मीन बानो ने किया। कार्यक्रम में राजीव पुरोहित, मनोज कल्ला, किशोर पुरोहित, विक्रम रंगा, योगेश्वर व्यास, रविकांत भाटी, क्रांति रंगा,सुमन कंवर, निधि गुप्ता, माया थानवी आदि मौजूद रहे।