Thar पोस्ट, न्यूज। गुजरात मे राजनीतिक हलचल तेज़ हो गई है। मौसम में बदलाव के साथ ही राजनीति गरमाने लगी है। चुनाव आयोग ने गुजरात में होने वाले विधानसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान कर दिया है। यहां 1 और 5 दिसंबर को वोटिंग होगी और 8 दिसंबर को वोटों की काउंटिंग की जाएगी। इस मौके पर दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा, ‘मुझे बताते हुए खुशी हो रही है कि गुजरात विधानसभा चुनाव में 3,24,422 नए वोटर इस बार पहली बार वोट डालेंगे। कुल वोटिंग सेंटर की संख्या 51,782 है। राज्य में स्थापित वोटिंग सेंटरों में से कम से कम 50% वोटिंग केंद्रों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था होगी।’ इस बार महिलाओं के लिए भी 1274 पोलिंग बूथ बनाए जाएंगे और चुनाव में शिपिंग कंटेनर का बूथ की तरह इस्तेमाल होगा। इसमें 142 मॉडल वोटिंग केंद्र बनाए जाएंगे। इसके अलावा चुनाव आयोग ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस की शुरुआत में मोरबी हादसे पर भी दुख जताया। गुजरात विधानसभा का चुनाव गुजरात विधानसभा का चुनाव 2 चरणों में होगा। पहला चरण एक दिसंबर और दूसरा चरण 5 दिसंबर को होगा। वोटों की काउंटिंग 8 दिसंबर को होगी। पिछली बार साल 2017 में भी गुजरात में 2 चरणों में ही चुनाव हुआ था। इसके लिए वोटिंग 9 दिसंबर और 14 दिसंबर 2017 को हुई थी। इसमें बीजेपी ने कुल 99 सीटों पर कब्जा किया था। वहीं कांग्रेस के खाते में 77 सीटें और अन्य पार्टियों को 6 सीटें मिली थीं।