Thar पोस्ट, न्यूज दिल्ली। राजधानी के नोएडा पर आज सभी की टकटकी है। नोएडा के सेक्टर-93A में दो अवैध टावर को रविवार यानी आज दोपहर ढाई बजे विस्फोट से ढहा दिया जाएगा। इस पूरी प्रक्रिया में 10 से 12 सेकंड लगेंगे। अधिकारियों ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि टावर गिराने के लिए जेट डेमोलिशन, एडफिस इंजीनियरिंग और CBRI की टीम शनिवार को टावर के अंदर विस्फोटक से जुड़े वायर की जांच और ट्रिगर (बटन) दबाए जाने की तैयारियों को अंतिम रूप देती रही। नोएडा अथॉरिटी और पुलिस अधिकारी आसपास की व्यवस्था को दुरुस्त करने में जुटे रहे। सेक्टर-93A में बने 103 मीटर ऊंचे एपेक्स और 97 मीटर ऊंचे सियान टावर को ध्वस्त करने के लिए 3,700 किलो विस्फोटक अलग-अलग फ्लोर पर लगाया गया है। सुरक्षा कारणों से एमराल्ड कोर्ट और आसपास की सोसायटी के फ्लैट खाली कराए जाएंगे। इसके अलावा करीब 3 हजार वाहन और 200 पालतू जानवरों को भी बाहर निकाल लिया जाएगा।