Thar पोस्ट, न्यूज बीकानेर। आजादी का अमृत महोत्सव के तहत तीन दिवसीय हर घर तिरंगा अभियान शनिवार को प्रारम्भ हुआ। सरकारी कार्यालयों, घरों और प्रतिष्ठानों में बड़ी संख्या में तिरंगे फहराए गए। कलक्ट्रेट परिसर स्थित विभिन्न कार्यालयों के अलावा जिला परिषद, पंचायत समितियों और ग्राम पंचायतों तक तिरंगे झंडे फहराए गए। शनिवार को भी विभिन्न स्कूलों की ओर से तिरंगा यात्राएं निकाली गई। आर के पब्लिक स्कूल के विद्यार्थी विभिन्न मार्गों से होते हुए डॉ. करणी सिंह स्टेडियम पहुंचे। आमजन ने घरों में भी तिरंगे झंडे लगाए। वहीं प्रतिष्ठानों और दुकानों में भी हर घर तिरंगा अभियान के तहत तिरंगा झंडा लगाकर देश की आजादी की 75वीं वर्षगांठ मनाई गई। जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी नित्या के. बताया कि भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा भारतीय झंडा संहिता में संशोधन किया गया है। इसके अनुसार जहां झंडे का प्रदर्शन खुले में किया जाता है या जनता के किसी व्यक्ति द्वारा घर पर प्रदर्शित किया जाता है, वहां उसे दिन एवं रात में फहराया जा सकता है। उन्होंने हर घर तिरंगा अभियान के बचे हुए दोनों दिन आमजन से अधिक से अधिक संख्या में तिरंगा झंडा फहराने का आह्वान किया है।
*आजादी का अमृत महोत्सवः शहर के विभिन्न क्षेत्रों से निकली मोटर साइकिल रैली*
थाआजादी का अमृत महोत्सव के तहत आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला में शनिवार को मोटर साइकिल रैली निकाली गई। शहर के चारों प्रवेश मार्गों से रवाना होकर लगभग एक हजार मोटर साइकिल धावक जूनागढ़ के आगे पहुंचे, जहां भारत माता की जयघोष से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो गया। हाथों में तिरंगा लहराते इन मोटर साइकिल धावकों ने देश की आजादी की 75वीं वर्षगांठ को पूरे जोश और उत्साह के साथ मनाने का संदेश दिया। संभागीय आयुक्त डॉ. नीरज के. पवन और पुलिस अधीक्षक योगेश यादव ने भीनासर चैक पोस्ट से मोटरसाइकिल रैली का नेतृत्व किया। मोटर साइकिल धावकों का यह पहला जत्था यहां से जैन कॉलेज, गोगागेट, रेलवे स्टेशन, कोटगेट से सार्दुल कॉलोनी होते हुए जूनागढ़ पहुंचा। इसी प्रकार दूसरा जत्था महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय से करमीसर फांटा, पूगल फांटा, कोठारी हॉस्पिटल, पुलिस लाइन, भुट्टों का चौराहा से कीर्ति स्तम्भ होत हुए जूनागढ़ पहुंचा। तीसरा जत्था वृंदावन एनक्लेव कॉलोनी गेट से रवाना हुआ, जो हल्दीराम प्याऊ, डूंगर कॉलेज, म्यूजियम चौराहा, कलक्ट्रेट होते हुए जूनागढ़ पहुंचा। वहीं चौथा जत्था बीछवाल टी पाइंट से रवाना होकर एसकेआरएयू, पुलिस मोटर ड्राइंिवग स्कूल, रोडवेज बस स्टेंड, चौधरी भीमसेन सर्किल से होते हुए जूनागढ़ पहुंचा। चारों मार्गों से मोटर साइकिलों से जूनागढ़ के आगे पहुंचने पर माहौल देशभक्तिमय हो गया। इस अवसर पर संभागीय आयुक्त ने कहा कि देश को आजाद करवाने में अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले देशभक्तों के प्रति कृतज्ञता की भावना आजादी के अमृत महोत्सव की मूल भावना है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक देशवासी इस अवसर पर संकल्प लें कि देश के विकास में अपना सकारात्मक योगदान देंगे। जिला कलक्टर भगवती प्रसाद कलाल ने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव हम सभी के लिए ऐतिहासिक क्षण है। इसका भागीदार बनना हमारे लिए गर्व का विषय है। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर (नगर) पंकज शर्मा, नगर विकास न्यास सचिव यशपाल आहूजा, अतिरिक्त प्रादेशिक परिवहन अधिकारी जुगल किशोर माथुर, जिला शिक्षा अधिकारी (माशि) सुरेन्द्र सिंह भाटी, रामरतन धारणिया, सचिन तंवर, महेश गुप्ता, संजय पित्ती, सुरेश डूडी, सुरेन्द्र राजपुरोहित सहित अनेक लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान से हुआ। इसका नेतृत्व स्काउट के विद्यार्थियों ने किया। कार्यक्रम का संचालन गोपाल जोशी ने किया।