Thar पोस्ट, न्यूज , बीकानेर। पत्नी से मिलने व उसको लेने के लिए गए एक शराबी दामाद ने ससुराल में जमकर बवाल मचाया। पत्नी ने पति के खिलाफ जयनारायण व्यास कॉलोनी थाने पहुंचकर मामला दर्ज करवाया है। रिपोर्ट के मुताबिक शराबी पति द्वारा उसके साथ मारपीट करने की वजह से पत्नी पिछले दो माह से अपने पीहर गली नम्बर छह अम्बेडकर कॉलोनी वल्लभ गार्डन के पास रह रही थी। पीडि़ता अन्नू नायक ने थाने में रिपोर्ट दी है कि उसकी शादी रोशनीघर के निकट गंगाशहर में रहने वाले राजेन्द्र नायक पुत्र कैलाश के साथ हुई थी। आरोप है कि उसका पति राजेन्द्र शराब पीने का आदी है तथा वह उसके साथ आए दिन मारपीट करता है। इससे तंग व परेशान होकर वह पिछले दो माह से अपने माता-पिता के यहां रह रही है। आरोप है कि 06 जुलाई को उसका पति राजेन्द्र शराब के नशे में उसके पीहर पहुंचा। जहां शराबी पति ने गाली-गलौच करनी शुरू कर दी। जब उसका उसने विरोध किया तो आरोपी ने पत्नी अन्नू, उसकी मां व भानजे के साथ मारपीट की। पीडि़ता की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपी शराबी पति के खिलाफ थाने में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।