Thar पोस्ट, न्यूज। राजस्थान में मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। प्रदेशवासी मानसून का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। अब यह इंतजार खत्म होने वाला है। मौसम विभाग की मानें तो सोमवार से राजस्थान में एक बार फिर मानसून की बरसात शुरू हो जाएगी। जिससे लोगों को राहत मिलेगी। हालांकि सभी जिलों में बारिश नहीं होगी।शनिवार को सभी जिलों में तापमान 40 डिग्री से अधिक रहा। वहीं जालोर व नागौर में तो पारा 44 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया। जालोर में 44.2 डिग्री व नागौर में 44.1 डिग्री तापमान रहा। जयपुर में भी कई दिन बाद तापमान 40.3 डिग्री दर्ज किया गया। राजधानी में सुबह से ही धूप व गर्मी के तेवर तीखे रहे।
सात जिलों में यलो अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार से प्रदेश में एक बार फिर से बारिश का दौर शुरू होगा। विभाग ने सोमवार को सात जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। उदयपुर, सिरोही, बांसवाड़ा, डूंगरपुर, चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़ व राजसमंद में बारिश होने की संभावना है। इसी के साथ मानसून की एंट्री भी होगी। इसके बाद लगभग सभी जिलों में बारिश का दौर चलेगा।