Thar पोस्ट, न्यूज। जिला कलक्टर भगवती प्रसाद कलाल ने मंगलवार को क्वालिटी कंट्रोल विंग के अधिकारियों के साथ शहर में हाल ही में बनी विभिन्न सड़कों का निरीक्षण किया। सड़क निर्माण में काम आए मेटेरियल की गुणवत्ता जांच के लिए नमूने लिए। प्रगतिरत कार्य का टेस्ट करवाया। जलदाय विभाग की पाइपलाइन नॉर्म्स के अनुसार नहीं होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि गुणवत्ता में कमी पाई गई तो संबंधित अधिकारी के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जाएगी।
जिला कलक्टर ने राजीव गांधी मार्ग में पीडब्ल्यूडी द्वारा हाल ही में बनाई गई सड़क का अवलोकन किया। सड़क निर्माण में उपयोग मेटेरियल और यहीं ड्रम में पड़े डामर के नमूने जांच के लिए भिजवाए। उन्होंने बताया कि राजीव गांधी मार्ग सड़क का कारपेट का कार्य पूर्ण हो चुका है। सड़क के दोनों ओर सीसी ब्लॉक लगाए जाएंगे। वहीं बीच में लाइनिंग करते हुए सोलर आधारित कैट आई लगाई जाएगी। उन्होंने पूरी सड़क का पैदल चलकर मुआयना किया। शाम के समय यहां लगने वाली थड़ियों को व्यवस्थित करवाने और एक ओर रैलिंग लगवाने के निर्देश दिए, जिससे यह थड़ियां अनावश्यक आगे तक नहीं आएं। उन्होंने सार्दुल स्कूल मैदान का अवलोकन भी किया।
नियमानुसार गहरे नहीं थे पाइप, जताई नाराजगी
जिला कलक्टर ने गोगागेट से उदयरामसर तक बनने वाली सिक्स लेन रोड के चौड़ाईकरण कार्य का निरीक्षण किया तथा मौके पर ही डेनसिटी टेस्ट करवाया, जो कि गुणवत्ता अनुरूप पाया गया। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर जलदाय विभाग के पाइप, रोड से लगभग एक फिट नीचे ही पाए गए। जो कि नॉर्म्स के अनुसार सही नहीं थे। इस पर जिला कलक्टर ने नाराजगी जताई और कहा कि जलदाय विभाग द्वारा यह पाइप नियमानुसार गहराई में डाले जाएं, जिससे सड़क निर्माण के दौरान पाइप क्षतिग्रस्त नहीं हो और सड़क को भी नुकसान नहीं पहुंचे। उन्होंने बताया कि गोगागेट से उदयरामसर तथा उरमूल सर्किल से करमीसर फांटा तक की सड़क सिक्स लेन बनाई जाएगी। इस पर 15 करोड़ रुपये व्यय होगा।
निगम की सड़कों के भी लिए नमूने
जिला कलक्टर ने नगर निगम द्वारा गोपेश्वर बस्ती और पुष्करणा स्टेडियम के पास बनाई गई सड़कों का निरीक्षण किया और जांच के लिए इन सड़कों के नमूने भी लिए। उन्होंने स्थानीय निकाय द्वारा रंगा कॉलोनी की ओर जाने वाली डामर सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। लगभग 12 सौ मीटर लम्बी सड़क का कारपेट किया जाएगा। उन्होंने एक संवेदक की प्रयोगशाला का निरीक्षण किया तथा मेटेरियल की गुणवत्ता जांच के बारे में जाना।
इस दौरान सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता मुकेश गुप्ता, अधीक्षण अभियंता (गुण नियंत्रण) डी. पी. सोनी, अधिशाषी अभियंता जे. पी. अरोड़ा, तहसीलदार बिहारी लाल सहित अन्य अधिकारी साथ रहे।

15 जून से चालू होगा जिला स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष

Thar पोस्ट, न्यूज । जिले में संभावित अतिवृष्टि या बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए जिला स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष 15 जून से 30 सितम्बर या मानसून समाप्त होने तक कार्यरत रहेगा। जिला कलक्टर भगवती प्रसाद कलाल द्वारा जारी आदेश अनुसार इस नियंत्रण कक्षा का दूरभाष नम्बर 0151-2226031 व टोल फ्री नम्बर 1077 होगा। नियंत्रण कक्ष में कार्मिकों की राउंड द क्लॉक ड्यूटी लगाई जाएगी, यह कक्ष 24 घंटे कार्यरत रहेगा। जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष के प्रभारी अतिरिक्त जिला कलेक्टर (प्रशासन) तथा सह प्रभारी उपखंड अधिकारी बीकानेर होंगे।

11 सूत्री मांग को लेकर शिक्षा विभागीय कर्मचारी संघ राजस्थान बीकानेर ने दिया 26 मई को शिक्षा निदेशालय में धरने का नोटिस

Thar पोस्ट। शिक्षा मंत्री से लम्बी वार्तायें ज्ञापन उनके द्वारा प्रशासन को बार बार निर्देश मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा कार्यवाही के निर्देशों के बाद भी संघ के मांग पर पत्र पर समुचित कार्यवाही नही करने से संघ के कार्यकताओ मंत्रालयिक कर्मचारी सहायक कर्मचारी निजी सहायकों स्टेनो में रोष है । संघ ने शिक्षा निदेशालय में 26 मई 2022 गुरुवार को सांकेतिक धरना देने का निर्णय लिया है । प्रदेश अध्यक्ष गिरिजाशंकर आचार्य ने बताया कि संघ द्वारा मंत्रालयिक कर्मचारियों के लिये ग्रेड पे 3600 के लिये सकल्प यात्रा से पूर्व धरने देकर प्रशासन को लोकतांत्रिक तरीके से बताना चाहता है कि पूरे प्रदेश में शिक्षा विभाग सबसे बड़ा विभाग है और 11 सूत्रीय मांगे पर कार्यवाही नही करने पर पूरे प्रदेश में आंदोलन का आगाज किया जाएगा।

बीकानेर के लापता तीन पर्वतारोहियों की 36वीं पुण्यतिथि 26 मई को

Thar पोस्ट। बीकानेर के युवा पर्वतारोही अरविंद बोड़ा, भानु सोनी और सूर्य प्रकाश सुथार की 36वीं पुण्यतिथि पर उन्हें 26 मई को प्रातः 8 बजे डॉ करणी सिंह स्टेडियम में पुष्पांजलि कर श्रद्धांजलि दी जाएगी । संस्थान सचिव आर के शर्मा ने बताया कि ये तीनों पर्वतारोही 26 मई 1986 को धौलाधार पर्वत श्रंखला के इंद्राहार पास अभियान के दौरान लापता हो गए थे जिनका सितंबर 1986 में एक स्केलेटन वह तीनों के सामान ही बरामद हो पाए थे । दी पायोनियर्स एडवेंचर सोसाइटी के तत्वावधान में यह पर्वतारोहण अभियान आयोजित किया गया था । इन्हीं की स्मृति में डॉ करणी सिंह स्टेडियम में स्मृति शिलालेख लगा रखा है जिससे इनकी स्मृति युवाओं में हमेशा बनी रहे ।

Thar पोस्ट। हवाई सेवा विस्तार हेतु निशुल्क भूमि :- पचीसिया
बीकानेर जिला उद्योग संघ अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया, नरेश मित्तल एवं वीरेंद्र किराडू ने बीकानेर में हवाई सेवाओं के विस्तार हेतु निशुल्क भूमि प्रदान करने हेतु मुख्यमंत्री अशोक गहलोत एवं शिक्षा मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला को मांग पत्र भिजवाया | पत्र में बताया गया कि ग्राम नाल बड़ी तहसील बीकानेर में खसरा नंबर 822 रकबा 24.75 हैक्टेयर भूमि जो कि वर्तमान में खाली पड़ी है जिसमें से बीकानेर में हवाई सेवाओं के विस्तार हेतु 23.83 हेक्टेयर भूमि भारतीय विमानपतन प्राधिकरण द्वारा निशुल्क चाही गई है | वर्तमान में बीकानेर के प्रवासी उद्यमी भारत के विभिन्न राज्यों जैसे कोलकाता, गुजरात, दिल्ली, बैंगलोर, असम आदि राज्यों में अपना व्यवसाय कर रहे हैं |