Thar पोस्ट, न्यूज। फड़ बाजार में दुकानों के आगे हुए अतिक्रमणों को मंगलवार सुबह तोड़ दिया गया। वहीं कुछ चौकी खुद दुकानदारों ने तोड़ ली। इस एरिया में अब दुकानों को अंदर कर दिया गया है, जिससे ग्राहकों व राहगीरों के आने जाने के लिए जगह हो गई है।बीकानेर की बड़ी समस्याओं में एक फड़ बाजार की यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए संभागीय आयुक्त नीरज के. पवन लगातार स्थानीय अधिकारियों की मीटिंग ले रहे हैं। काम नहीं करने वाले अधिकारियों को चेतावनी दी जा रही है। ऐसे में बीकानेर नगर निगम भी सक्रिय हो गया है। निगम ने सोमवार को इस क्षेत्र में गाड़ों के खड़े होने की सीमा तय कर दी, वहीं मंगलवार को दुकानों के आगे हुए अतिक्रमण तोड़ दिए। इस दौरान व्यापारियों ने सामान्य विरोध किया लेकिन निगम अधिकारियों ने उनकी एक नहीं सुनी।यहां दुकानों के आगे दो से तीन फीट की चौकी बनाई गई है, जिससे रास्ता बाधित हो रहा है। निगम ने सोमवार को इन दुकानों पर रेड क्रॉस लगाए और मंगलवार को ही इन्हें तोड़ दिया। उधर, व्यापारियों का कहना है कि पूर्व में प्रशासन ने ही यहां नाली के रूप चौकी बनाने की छूट दी थी। अब दूसरा प्रशासन इसे तोड़ रहा है।
केईएम रोड और फड़बाजार में व्यवस्था सुधारने के लिए प्रशासन की ओर से किए जा रहे प्रयासों का आम आदमी ने समर्थन किया है। सोमवार को जब व्यापारी विरोध करके रास्ता जाम कर रहे थे तो पुलिस के साथ आम आदमी भी थे। इन लोगों ने व्यापारियों का विरोध किया और रास्ता खोल दिया। आम तौर पर इस तरह की कार्रवाई में प्रशासन का साथ जनता नहीं देती लेकिन इस बार केईएम रोड का रिजल्ट देखकर जनता प्रशासन के साथ खड़ी नजर आ रही है।