Thar पोस्ट, बीकानेर। 28 वें राज्य स्तरीय मास्टर बच्ची गोल्ड कप फुटबाल टूर्नामेंट का खिताबी मुकाबला मारवाड़ क्लब जोधुर ने जीत लिया। फाइनल मुकाबले में जोधपुर ने नोहर को 1-0 से हराया। मास्टर बच्ची क्लब समिति के बैनर तले पुष्करणा स्टेडियम में आयोजित हुई इस प्रतियोगिता में पहले हॉफ तक दोनों ही टीमों ने एक दूसरे पर आक्र मण पर आक्रमण किये,लेकिन दोनों ही टीमें गोल करने में कामयाब नहीं हो सकी। दूसरे हॉफ में जोधपुर के हर्ष ने 60 वें मिनट में शानदार गोल कर टीम को अजेय बढ़त दिला दी। अंत तक इस गोल को उतारने के लिये नोहर की टीम प्रयास करती रही। लेकिन उसे सफलता नहीं मिली। सचिव भरत पुरोहित ने बताया कि फाइनल मैच के मुख्य अतिथि अपर आयकर आयुक्त जे पी तलानिया,विशिष्ट अतिथि अतिरिक्त जिला कलक्टर अरूण प्रकाश शर्मा,पूर्व न्यास अध्यक्ष महावीर रांका,भारतीय फुटबाल टीम के पूर्व कप्तान मगन सिंह राजवी रहे। अध्यक्षता व्यवसायी कन्हैयालाल कल्ला ने की। अतिथियों ने विजेता-उपविजेता टीम को पुरस्कृत किया। बेस्ट प्लेयर का खिताब नोहर के युसुफ को दिया गया। जबकि वरिष्ठ खिलाड़ी के रूप में नारायण बोहरा व जमन ओझा का सम्मान किया गया।

ऊर्जा मंत्री भाटी ने गोडू में 33/11 केवी जी एस एस का किया लोकार्पण

Thar पोस्ट बीकानेर।। ऊर्जा मंत्री भंवर सिंह भाटी ने रविवार को नवनिर्मित 33/11 केवी जीएसएस गोडू का लोकार्पण किया।
ऊर्जा मंत्री भाटी ने कहा कि इस जीएसएस को बनाने के लिए 30 किलो मीटर 33 केवी लाईन एवं 1×3.15 एमवीए का सब स्टेशन बनाया गया है जिसकी लागत 304 लाख रूपये आई है।
वर्तमान में गोडू क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति रणजीतपुरा 33 केवी जीएसएस से निकलने वाले 11 केवी फीडर से की जा रही है जिसकी लम्बाई अत्यधिक होने तथा क्षेत्र में कृषि श्रेणी एवं घरेलू श्रेणी की बढ़ती मांग के कारण इस क्षेत्र में 33/11 केवी जीएसएस की आवश्यकता थी जिसके लिए इस जीएसएस का निर्माण किया गया है । उन्होंने कहा कि इसके बनने से गोडू, रणजीतपुरा, मोडायत क्षेत्र के करीब 30 चको के तकरीबन 3000 उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं उच्चगुणवत्ता की विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित हो पायेगी । साथ ही निगम को प्रतिवर्ष 5.30 लाख यूनिट एवं 37.14 लाख रूपये की बचत होगी।
उन्होंने बताया कि इसके अलावा वर्तमान में बज्जू केहरली 33 केवी फीडर पर पांच जीएसएस जिसमें से रणजीतपुरा जीएसएस हटने से माणकासर, भलूरी, केहरली, राववाला 33/11 केवी जीएसएस पर भी वोल्टेज में सुधार होकर उच्चगुणवत्ता की विद्युत आपूर्ति हो जायेगी।
इस अवसर पर डिस्काॅम के अधीक्षण अधिशाषी अभियन्ता रंजन ने क्षेत्र की विद्युत की जरूरतों व भावी योजना की जानकारी दी। साथ ही उन्होंने मंत्री भाटी को आश्वस्त किया कि विधानसभा क्षेत्र कोलायत में विद्युत सुधार के कार्य निरन्तर जारी रहेगा।इस अवसर पर बज्जू उपखंड अधिकारी हरि सिंह शेखावत, सहीराम, बज्जू सरपंच कप्तान मोहन लाल, ओपी खीचड़ डिस्कॉम के अतिरिक्त मुख्य अभियंता एम आर मीना,एक्सईएन बी आर के रंजन,सहायक अभियंता रामसिंह मीणा,एईएन सिविल हिमेन्द्रसिंह,उपखंड अधिकारी हरिसिंह शेखावत, बज्जू सरपंच मोहनलाल गोदारा,अनोपाराम बेनीवाल,सहीराम गोदारा,गणपतराम सीगड़,क़ानूराम उपस्थित थे।

खड़गावत का अभिनंदन 15 मार्च को

Thar पोस्ट, बीकानेर।
नगर की साहित्यिक, सांस्कृतिक, रंगकर्म, खेलकूद, व्यापार, उद्योग, सामाजिक एवं अन्य क्षेत्रों की 51 रचनाशील संस्थाओं द्वारा हाल ही में भारतीय प्रशासनिक सेवा में चयनित हुए राजस्थान राज्य अभिलेखागार के निदेशक डॉ. महेंद्र खड़़गावत का 15 मार्च 2022 मंगलवार को शाम 5 : 30 बजे महाराजा नरेंद्रसिंह ऑडिटोरियम नागरी भंडार में नागरिक अभिनंदन किया जाएगा | इस महत्वपूर्ण अभिनंदन समारोह में श्री जुबली नागरी भंडार ट्रस्ट एवं प्रज्ञालय संस्थान के संयोजन में नगर की 51 महत्वपूर्ण संस्थाएं सहभागिता करेंगी | अभिनंदन समारोह हेतु नागरिक अभिनंदन आयोजन समिति का गठन किया गया है।
नागरिक अभिनंदन समिति के नंदकिशोर सोलंकी एवं कमल रंगा ने बताया कि कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ आलोचक डॉ. उमाकांत गुप्त करेंगे, मुख्य अतिथि वरिष्ठ इतिहासविद् डॉ. भंवर भादाणी होंगे एवं विशिष्ट अतिथि फन वर्ल्ड वाटर पार्क के संचालक नेमचन्द गहलोत होंगे |
बुनियाद हुसैन ‘ज़हीन’ और क़ासिम बीकानेरी ने बताया कि नागरिक अभिनंदन समिति में प्रमुख रूप से नंदकिशोर सोलंकी, कमल रंगा, जे. पी. व्यास, मोतीलाल हर्ष, गंगाबिशन बिश्नोई, सत्यनारायण पंवार, संजय सांखला, राजा सेवग, प्रताप सिंह, कुलदीप सिंह, त्रिलोक, गोपाल गौतम, ललित सिंह, छगन सिंह एवं प्यारेलाल शामिल हैं।