Thar पोस्ट, न्यूज बीकानेर। बीकानेर में एक तरफा यातायात से काफी हद तक ट्रैफिक जाम से मुक्ति मिली है। देर से ही सही, लेकिन जिला प्रशासन ने इसमे रुचि दिखाई है। यह औऱ भी महत्वपूर्ण हो जाता है जब कोटगेट रेलवे क्रासिंग बीकानेर के लिए कैंसर की बीमारी की तरह स्थायी हो चुकी हो। जिला कलक्टर भगवती प्रसाद कलाल ने शुक्रवार को कोटगेट से केईएम रोड तक पैदल चलकर वन-वे यातायात व्यवस्था और नो पार्किंग जोन की स्थिति जानी। इस दौरान उन्होंने नो पार्किंग जोन में कुछ बाइक खड़ी देखकर नाराजगी जताई और इस क्षेत्र में नो पार्किंग की पालना पूर्ण सख्ती से करवाने के निर्देश दिए। इससे पहले जिला कलेक्टर ने कलेक्ट्रेट में अधिकारियों की बैठक ली और आमजन की सुविधा के मद्देनजर लागू की गई इस व्यवस्था की समीक्षा की।
इस दौरान जिला कलक्टर ने कहा कि केईएम रोड और सट्टा बाजार के ‘नो पार्किंग जोन’ में व्हीकल खड़े करने वालों के विरूद्ध चालान काटे जाएं। कोई अस्थाई ठेला लेकर इस क्षेत्र में खड़ा होता है, तो उसका सामान जब्त कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि केईएम रोड क्षेत्र में वन-वे यातायात व्यवस्था करने से आमजन को राहत मिली है। इसे और अधिक प्रभावी बनाने के लिए इस क्षेत्र को नो पार्किंग जोन बनाया गया है। गुरुवार से यह व्यवस्था प्रारम्भ कर दी गई है और पहले दिन कार्यवाही के साथ आमजन से इसके लिए समझाइश की गई। अब इसे पूर्ण सख्ती से लागू किया जाए। इसके लिए उन्होंने यहां पर्याप्त जाब्ता तैनात करने के निर्देश दिए। साथ ही पब्लिक एड्रेस सिस्टम से इसका प्रचार करने और पार्किंग स्थल एवं वन-वे क्षेत्र में इससे संबंधित फ्लेक्स लगाने के लिए भी निर्देशित किया।
जिला कलक्टर ने तहसीलदार को बैठक में से मौके पर भेजते हुए इसकी शत-प्रतिशत अनुपालना सुनिश्चित करवाने के निर्देश दिए और कहा कि उपखण्ड अधिकारी द्वारा इसकी नियमित मॉनिटरिंग की जाए। इस व्यवस्था को बनाने में सहयोग के लिए नगर निगम द्वारा दस कार्मिकों की ड्यूटी आगामी आदेशों तक लगाने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में आने वाले लोगों को रतन बिहारी पार्क, पाबू पाठशाला, राजीव गांधी मार्ग और मटका गली में वाहन पार्क करने के लिए प्रेरित किया जाए।
इस दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर (नगर) अरुण प्रकाश शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, नगर निगम आयुक्त पंकज शर्मा, नगर विकास न्यास सचिव नरेन्द्र सिंह पुरोहित, सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता जेपी अरोड़ा, देवस्थान विभाग निरीक्षक श्वेता चौधरी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
शुक्रवार को आएंगे ऊर्जा मंत्री भार, विभिन्न कार्यक्रमों में करेंगे शिरकत
बीकानेर। ऊर्जा मंत्री श्री भंवरसिंह भाटी शुक्रवार को जयपुर से सायं 7 बजे सड़क मार्ग द्वारा प्रस्थान कर रात्रि 11:30 बजे बीकानेर पहुंचेंगे तथा रात्रि विश्राम बीकानेर में करेंगे। श्री भाटी शनिवार को प्रातः 10 बजे जूनागढ़ से बीएसएफ के सीमा भवानी ग्रुप को बीकानेर से जोधपुर रवानगी के लिए फ्लेग ऑफ करेंगे। इसके उपरांत दोपहर 12 बजे राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय भोलासर व दोपहर 2 बजे राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय झझू के वार्षिक उत्सव कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। ऊर्जा मंत्री सायं 4 बजे पंचायत समिति कार्यालय परिसर श्रीकोलायत में मुख्यमंत्री की बजट घोषणा 2022-23 के द्वारा पुरानी पेंशन योजना लागू किये जाने पर क्षेत्र के राजकीय सेवारत कर्मचारियों द्वारा अभिनंदन कार्यक्रम में भाग लेने के बाद रात्रि विश्राम बीकानेर में करेंगे।
ऊर्जा मंत्री रविवार को प्रातः 10 बजे बरसिंहसर ग्राम पंचायत भवन में पूर्व प्रधान स्व. श्री भोमराज जी आर्य की चतुर्थ पुण्यतिथि पर आयोजित रक्तदान शिविर में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर 12:30 बजे राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय श्रीकोलायत में, दोपहर 02:15 बजे राजकीय माध्यमिक विद्यालय खारिया पातायतान के वार्षिक उत्सव कार्यक्रम में व सायं 4:15 बजे राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गोडू में वार्षिक उत्सव कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। इसके बाद सायं 05:30 बजे ग्राम गोडू में नवीन 33 केवी जीएसएस का लोकार्पण करने के पश्चात सायं 07:30 बजे गोडू (बीकानेर) से जयपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।