Thar post, बीकानेर,। मिठडिया गांव में गुरूवार को गुरु जम्भेश्वर भगवान के नव निर्मित मंदिर की कलश स्थापना व प्राण प्रतिष्ठा की गई। उच्च शिक्षा मंत्री भंवर सिंह भाटी ने कार्यक्रम में शिरकत कर गुरु जम्भेश्वर भगवान के दर्शन किये व साधु संतो का आशीर्वाद ग्रहण किया ।
इस शुभ अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री भंवर सिंह भाटी ने गुरू जम्भेश्वर भगवान द्वारा बताए गए नियमों का पालन करते हुए समाज विकास में सहयोग की बात कही।
भाटी ने मंदिर में नवीन भवन निर्माण हेतु विधायक निधि कोष से 10 लाख रुपये देने तथा ग्रामीणों की मांग पर मेघवालों का मोहल्ला मिठडिया में विधायक निधि कोष से 05 लाख की लागत से सामुदायिक भवन बनाने की घोषणा की ।
इससे पहले मिठडिया गांव में विश्रोई समाज के आराध्य देव गुरू जम्भेश्वर भगवान मंदिर में कलश स्थापना की गई। समाजबंधुओं ने प्राणी मात्र की सेवा करने की बात कही, वहीं कहा की वृद्धजन अपने बच्चों व समाज के युवाओं का ध्यान रखते हुए भूले भटके को सही रास्ते पर लाए। वक्ताओं ने गुरू जम्भेश्वर भगवान द्वारा प्रतिपादित नियमों को विशेषकर पर्यावरण प्रेम को सर्वक्षेष्ठ बताया। साथ ही समाजबंधुओं ने नशामुक्ति व कुरूतियों को त्यागने हेतु प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।
नोखा के जसरासर में लगेगा 14.9 मेगा वाट क्षमता का बायो मास पावर प्लांट, मुख्य सचिव ने किया अनुमोदन
Thar post जयपुर/बीकानेर। मुख्य सचिव श्री निरंजन आर्य की अध्यक्षता में गुरुवार को शासन सचिवालय में आयोजित स्टेट लेवल एम्पॉवर्ड कमेटी (एसएलईसी) की बैठक में बीकानेर एवं चूरू जिलों में 14.9-14.9 मेगा वाट क्षमता के दो बायो मास पावर प्लांट लगाने का अनुमोदन किया गया।अक्षय ऊर्जा विकास निगम के अध्यक्ष डाॅ. सुबोध अग्रवाल ने बताया कि बीकानेर जिले की नोखा तहसील के जसरासर नाॅर्थ एवं चुरू जिले की सरदारशहर तहसील के मालसर गांव में निजी कम्पनी मैसर्स एसएईएल लिमिटेड के माध्यम से 14.9-14.9 मेगा वाट के बायो मास पावर प्लांट लगाए जाएंगे। कम्पनी बिजली बनाने के लिए राॅ मेटेरियल के रूप में सरसों की तुड़ी एवं काॅटन वेस्ट जैसे अनुपयोगी फसल अवशेष का उपयोग करेगी। यह दोनों प्लांट आगामी 36 महीने में तैयार होकर बिजली पैदा करना शुरू कर देंगे। यहां बनने वाली बिजली की आपूर्ति राज्य सरकार को की जाएगी।डाॅ. सुबोध अग्रवाल ने बताया कि मैसर्स एसएईएल लिमिटेड राज्य में 14.9-14.9 मेगा वाट क्षमता के 6 बायो मास प्लांट लगा रही है, जिसमें से बीकानेर जिले के छतरगढ़ में एक प्लांट लगाने की अनुमति गत जून माह में ही जारी की जा चुकी है। इसके अलावा इस साल अन्य कम्पनियों को फागी (जयपुर), देवली (टोंक) एवं बागीदौरा (बांसवाड़ा) में कुल 22 मेगा वाट क्षमता के प्लांट लगाने की अनुमति दी गई है।उल्लेखनीय है कि अक्षय ऊर्जा विकास निगम के प्रयासों से राज्य में अब तक बायो मास से बिजली पैदा करने की 120 मेगा वाट क्षमता सृजित की जा चुकी है, जबकि लगभग 200 मेगा वाट क्षमता के प्लांट लगना विभिन्न स्तरों पर प्रक्रियाधीन है।
बैठक में वन एवं पर्यावरण विभाग की प्रमुख शासन सचिव श्रीमती श्रेया गुहा, राजस्व विभाग के प्रमुख शासन सचिव श्री आनन्द कुमार, राजस्थान राज्य विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड के सीएमडी श्री भास्कर ए सावंत, जल संसाधन विभाग के शासन सचिव डॉ. पृथ्वीराज, रीको के एमडी आशुतोष एटी पेड़णेकर, बीकानेर जिला कलक्टर श्री नमित मेहता एवं चूरू जिला कलक्टर श्री सांवरमल वर्मा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से शामिल थे।
डेंगू मुक्त बीकाणा अभियान
वार्ड स्तरीय टीमों का दूसरे चरण का जागरुकता अभियान प्रारम्भ
Thar post । डेंगू मुक्त बीकाणा अभियान के तहत जिला कलक्टर नमित मेहता के निर्देशानुसार गठित वार्ड स्तरीय टीमों ने गुरुवार को दूसरे चरण का डोर-टू-डोर जागरुकता अभियान शुरू किया। यह टीमें 26 अक्टूबर तक अपने-अपने क्षेत्र में रहकर आमजन को डेंगू से बचाव के प्रति जागरुक करेंगी और एंटी लार्वल गतिविधियों के बारे में बताएंगी। टीमों में संबंधित स्कूल स्टाफ, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, नर्सिंग विद्यार्थी, बीएलओ तथा नगर निगम एवं स्काउट गाइड के प्रतिनिधि शामिल रहे। गुरुवार को रानी बाजार गुरुद्वारा स्कूल, महारानी स्कूल तथा मुक्ताप्रसाद काॅलोनी स्थित राजकीय विद्यालय क्षेत्र में सघन गतिविधियों का आयोजन हुआ। इन क्षेत्रों के घर-घर में संपर्क करते हुए स्थानीय नागरिकों को घरों और आसपास के क्षेत्र में पानी के ठहराव को खत्म करने, पेयजल स्त्रोतों में कच्चा तेल तथा नालियों में काला तेल डालने के लिए जागरुक किया गया। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रकाशित पेम्पलेट्स वितरित किए गए और दीवारों पर पोस्टर लगाए गए। इस दौरान स्कूली विद्यार्थियों ने द्वारा भी घर-घर संपर्क किया गया। जागरुकता अभियान के समन्वयक राजेन्द्र जोशी ने बताया कि जिला कलक्टर के निर्देशानुसार पूर्व में 16 और 17 अक्टूबर को घर-घर संपर्क की सघन गतिविधियां हुई। इसके बाद अब 21 से 26 अक्टूबर तक दूसरे चरण का अभियान संचालित किया जाएगा।
Thar post शहीद स्वराज द्वीप समूह नमन यात्रा-अंडमान निकोबाद का आयोजन हिमालय परिवार और राष्ट्रीय सुरक्षा जागरण मंच द्वारा दिसम्बर में प्रारंभ होगी । देश आजादी के 75वें वर्ष को आजादी को अमृत महोत्सव के रूप मना रहा है अतः सभी देशवासियों का नैतिक दायित्व बन जाता है कि स्वतंत्रता के सेनानियों को विशेष रूप में याद करना चाहिए जिन्हे पोर्ट ब्लेयर की सेल्यूलर जेल में कैद करके प्रताड़ित किया गया था । इस वर्ष 10वीं यात्रा के लिये बीकानेर से एक दल हिमालय परिवार की जिला अध्यक्ष व प्रदेश उपाध्यक्ष डा. सुषमा बिस्सा के नेतृत्व में रवाना होगा । हिमालय परिवार के उपाध्यक्ष आर के शर्मा ने बताया कि 10वीं शहीद स्वराज द्वीप समूह नमन यात्रा 29 दिसम्बर से 2 जनवरी तक पोर्ट ब्लेयर में आयोजित हो रही है । सरकार के नियम व सभी सुरक्षा साधनों का प्रयोग करते हुए यह यात्रा होगी । चैन्नई से पोर्ट ब्लेयर की तीन दिवसीय यात्रा जल मार्ग से पानी के जहाज से होगी जो चैन्नई से 26 दिसम्बर को शुरू होगी । चैन्नई से वापसी चैन्नई तक की व्यवस्था आयोजकों द्वारा निर्धारित शुल्क में की जाएगी । यात्री वायु मार्ग से भी इस कार्यक्रम हेतु पहुंच सकते है । यात्रा के मुख्य आकर्षण सेल्यकर जेल में शहीदों को नमन व शाम को लाइट एंड साउंड शो, ध्वाजारोहण व नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की प्रतिमा में माल्यार्पण, अमृत महोत्सव के अन्तर्गत भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम, स्वराज द्वीप (Heavlock), राधानगर सागर तट की यात्रा, समुद्र पूजन, शहीद द्वीप (Viper), माउंट हैरियट पार्क व नेताजी सुभाष चन्द्र बोस द्वीप (Ross) की यात्रा है