Thar पोस्ट, बीकानेर। जिला कलक्टर नमित मेहता ने आदेश जारी करते हुए 25 जुलाई को जिले के दो ग्राम पंचायत क्षेत्रों में मतदान होने की स्थिति में सम्बंधित निर्वाचन क्षेत्रों में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है।पंचायत समिति नोखा की ग्राम पंचायत बेरासर और पूगल की ग्राम पंचायत रामड़ा में 25 जुलाई को होने वाले उपचुनाव में मतदान होने की स्थिति में यह आदेश लागू होंगे। यह आदेश संबंधित निर्वाचन क्षेत्र के अलावा अन्य पंचायत समिति, तहसील अथवा ग्राम पंचायत पर लागू नहीं होंगे।

पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित
राजस्थान अधिकारी-कर्मचारी ऑफ माईनोरिटी एसासियेशन द्वारा गंगाशहर रोड स्थित छींपों के कब्रिस्तान एवं गोगागेट स्थित गुर्जरों की कब्रिस्तान में वृहद् वृक्षरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में समाजसेवी इकबाल समेजा, अकबर खादी, पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी मोहम्मद सलीम, हज कमेटी के पूर्व सदस्य नूरूल हसन, तहसीलदार मोहम्मद इम्तियाज, अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी शहजाद अली, शाहनवाज भाटी, मंजूर अली, शाकिर अब्बासी, इनायत हुसैन, जावेद पंवार, मोहम्मद आमिर, रियान भाटी, युनस अली, आबिद परिहार, फैजल अहमद तथा रकमा जिला अध्यक्ष मुहम्मद रियाज व जिला प्रभारी नजर तंवर तथा रकमा बीकानेर के अन्य पदधिकारीगण सहित समाज के लोगों ने पौघारोपण किया गया। कार्यक्रम में नगर निगम आयुक्त ए.एच. गौरी एवं रमजान अब्बासी का विशेष सहयोग रहा।

वरिष्ठ नागरिकों व दिव्यांगों के लिए नॉमिनी डिलीवरी सुविधा प्रारम्भ राज्य सरकार द्वारा वरिष्ठ नागरिक व दिव्यांग लाभार्थियों के लिए नॉमिनी डिलीवरी की व्यवस्था प्रारंभ की गई है।
जिला रसद अधिकारी भागुराम महला ने बताया कि राज्य सरकार ने एनएफएसए के तहत उचित मूल्य दुकानों में अधिक दक्षता और पारदर्शिता लाने के लिए कई सुधारात्मक उपाय किए हैं। इसी दिशा में राज्य सरकार ने ऐसे वरिष्ठ नागरिक या दिव्यांग लाभार्थी, जो वरिष्ठ नागरिक अथवा दिव्यांग होने के साथ-साथ सिंगल यूनिट हैं तथा जिनके राशन कार्ड में सूचीबद्ध अन्य सदस्य 16 से 65 वर्ष की आयु सीमा में नहीं है, जिसके चलते वे उचित मूल्य दुकानों पर पहुंचकर खाद्यान्न सामग्री प्राप्त करने में असमर्थ हैं, उनके लिए नॉमिनी डिलीवरी की सुविधा प्रदान की है। इस सुविधा के तहत लाभार्थी किसी नामांकित व्यक्ति के माध्यम से खाद्यान्न सामग्री प्राप्त कर सकेंगे।
महला ने बताया कि ऐसे नामांकित व्यक्ति को उनके लाभार्थियों के स्थान पर बायोमैट्रिक सत्यापन से खाद्यान्न प्राप्त करने की सुविधा प्राप्त होगी। ऐसे समस्त लाभार्थियों को निर्धारित प्रपत्र में आवेदन करना होगा तथा जिला रसद अधिकारी, उपखण्ड अधिकारी, प्रवर्तन अधिकारी, प्रवर्तन निरीक्षक द्वारा आवश्यक जांच के बाद ऑनलाईन विकल्प से जोड़ा जायेगा, जिससे नामांकित व्यक्ति लाभार्थी के स्थान पर राशन पाने का अधिकारी होगा।
इन परिस्थितियों में मिलेगा लाभ
उन्होंने बताया कि एनएफएसए लाभार्थियों को इस सुविधा का लाभ विभिन्न परिस्थितियों में प्राप्त होगा। इसके अनुसार सदस्य के पास मोबाईल की सुविधा न हो। राशन कार्ड एकल सदस्य का हो तथा सदस्य की उम्र 65 वर्ष से अधिक हो। राशन कार्ड एकल सदस्य का हो तथा सदस्य दिव्यांग हो। परिवार के सभी सदस्य दिव्यांग हो। मुखिया 65 की उम्र का हो तथा अन्य सदस्य 16-65 की आयु सीमा में न हो या अन्य सदस्य दिव्यांग हो। परिवार के वयस्क गंभीर बीमारी से पीडित हो और अन्य सदस्य वयस्क न हो। ऐसे कामगार श्रमिक जिनकी अंगुलियों के निशान श्रम कार्यों के कारण बायोमैट्रिक पहचान प्रक्रिया में सही पढे न जाते हों व उनके परिवार के अन्य कोई वयस्क सदस्य न हो। अन्य कारण जो सक्षम अधिकारी को उचित लगे।

स्वतंत्रता दिवस समारोह की पूर्व तैयारियों के संबंध में बैठक आयोजित
स्वतंत्रता दिवस समारोह की पूर्व तैयारियों के संबंध में सोमवार को जिला कलक्टर नमित मेहता की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। इस अवसर पर जिला कलक्टर ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह राजकीय डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में परंपरागत एवं गरिमामयी तरीके से आयोजित किया जाएगा। आयोजन से जुड़े अधिकारी समय रहते सभी तैयारियां सुनिश्चित करें। कार्यक्रम के दौरान कोविड-19 प्रोटोकोल का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि आयोजन स्थल पर थर्मल स्कैनिंग और हैंड सेनेटाइजर की पर्याप्त व्यवस्था हो, कोई भी व्यक्ति बिना मास्क के नहीं आए तथा आवश्यक सोशल डिस्टेंसिंग रखी जाए। उन्होंने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार के सभी कार्यालय में प्रातः 7:30 से 8:30 बजे के बीच ध्वजारोहण होगा। इसके बाद प्रातः 9:00 बजे डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में मुख्य समारोह होगा, जहां मुख्य अतिथि द्वारा झंडारोहण किया जाएगा।
जिला कलक्टर ने समारोह स्थल पर बैठक, पेयजल, टेन्ट, साउंड सिस्टम, निमंत्रण पत्र, सुरक्षा, बैरिकेडिंग, परैड एवं मेडिकल टीम सहित सभी तैयारियों की पूर्व समीक्षा की। उन्होंने बताया कि राज्यपाल के संदेश का पठन अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) द्वारा किया जाएगा। नगर विकास न्यास और नगर निगम द्वारा 14 और 15 अगस्त को राजकीय भवनों, मुख्य चौराहों पर सजावट और प्रकाश व्यवस्था की जाएगी।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक प्रीति चंद्रा, अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) बलदेव राम धोजक, नगर निगम आयुक्त ए एच गौरी, नगर विकास न्यास सचिव नरेंद्र सिंह पुरोहित, सहायक निदेशक (लोक सेवाएं) सवीना बिश्नोई, जिला रसद अधिकारी यशवंत भाकर सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद रहे।

15 हजार 119 व्यापारियों ने लिया वाणिज्यिक कर विभाग की एमनेस्टी स्कीम का लाभ, 42 करोड़ रुपये माफ
व्यापारियों के घर-घर जाकर स्कीम का लाभ दे रहे विभाग के अधिकारी
बीकानेर। कोरोना काल के बावजूद अब तक 15 हजार 119 व्यापारियों ने वाणिज्यिक कर विभाग की एमनेस्टी स्कीम का लाभ लिया है।
विभाग के अतिरिक्त आयुक्त (प्रशासन) हरि सिंह चारण ने बताया कि व्यापारियों की ओर से सोमवार तक 6 करोड रूपए नकद जमा करवाए जा चुके हैं तथा इस स्कीम के अन्तर्गत व्यापारियों की 38 हजार 778 प्रविष्टियों को समाप्त कर 42 करोड़ रूपए माफ किए जा चुके हैं। एमनेस्टी जनसम्पर्क पखवाड़ा में तीसरे दिन भी विभागीय अधिकारियों से व्यापारियों ने संपर्क जारी रखा। तीन दिनों में 1 हजार 147 व्यापारियों से विभागीय अधिकारियों द्वारा संपर्क किया गया। इसके अतिरिक्त इस अभियान में विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा संभाग के बीकानेर जिले के कोलायत, नोखा, श्रीडूंगरगढ़, खाजूवाला, पूगल, छत्तरगढ़, चूरू जिले के रतनगढ़, सरदारशहर, तारानगर व झुंझुनू जिले के चिड़ावा, खेतड़ी, नवलगढ़ आदि क्षेत्रों में जाकर बकायादारों से संपर्क किया गया।उन्होंने कहा कि कई व्यापारी कोरोना महामारी के चलते इस स्कीम के लाभ से वंचित रह गए थे। उनको एमनेस्टी स्कीम का लाभ मौके पर ही दिया गया। यह अभियान 31 जुलाई तक निरंतर जारी रहेगा जिसमें विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी प्रत्येक बकायादार से व्यक्तिगत संपर्क करेंगे। हर व्यापारी को एमनेस्टी स्कीम में लाने का प्रयास किया जा रहा है। एमनेस्टी जन पखवाड़े में बीकानेर, चू़रू एवं झुंझुनू जिले में सभाओं का आयोजन किया जा रहा है।