

Thar पोस्ट न्यूज। राजस्थान में मॉनसून फिर सक्रिय हो रहा है। विदाई से पहले बारिश के आसार है। इसके बाद गुलाबी सर्दी दस्तक देगी। मौसम विभाग ने शनिवार से प्रदेश के 29 जिलों में तेज बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में बारिश का यह दौर 15 सितंबर तक जारी रह सकता है। इसके साथ ही बंगाल की खाड़ी में बना लो प्रेशर सिस्टम अब दक्षिणी ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश के आसपास सक्रिय है। इसके अगले 24 घंटे में मध्य भारत से होते हुए पश्चिम की ओर बढ़ने की संभावना है। इसके असर से राजस्थान में बारिश की गतिविधियां और बढ़ सकती हैं।










पिछले 24 घंटे में जयपुर, अलवर, भरतपुर, दौसा, सवाई माधोपुर, करौली, धौलपुर, सीकर, बूंदी, बारां और झालावाड़ के कई इलाकों में बारिश हुई। कुछ स्थानों पर करीब दो इंच तक पानी बरसा। अलवर में सबसे ज्यादा 45 मिमी बारिश दर्ज की गई। तेज बारिश के कारण अलवर, दौसा और सवाई माधोपुर के कुछ इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया।
