





Thar पोस्ट न्यूज। राजस्थान के अनेक जिलों में मौसम के कई रंग देखे जा रहे है। कभी आंधी तो कभी बारिश। बीती रात बीकानेर सहित अन्य जिलों में तूफानी हवाओं के साथ बारिश हुई। मौसम विभाग ने आज शुक्रवार के लिए 14 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 8 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। कुछ क्षेत्रों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज-चमक के साथ बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। भरतपुर जिले के झोरोल गांव में तेज अंधड़ के दौरान निर्माणाधीन दीवार गिरने से महिला की मौत हो गई, जबकि उनका दिव्यांग बेटा घायल हो गया। दोनों दीवार के सहारे बैठे थे। विभाग ने 7 जून तक पूर्वी और दक्षिणी राजस्थान के अधिकांश जिलों में खराब मौसम की चेतावनी जारी की है। राजस्थान में अब प्री-मानसून गतिविधियों के कारण पूर्वी और दक्षिणी राजस्थान में नमी बढ़ने लगी है।


जयपुर, कोटा, उदयपुर और चित्तौड़गढ़ संभाग में ह्यूमिडिटी का स्तर 50 से 70 प्रतिशत तक पहुंच गया है। इससे दिन में उमस बढ़ी है, हालांकि बादल और बारिश के कारण तापमान में आंशिक गिरावट भी दर्ज की जा रही है।