





Thar पोस्ट। राजस्थान के जल जीवन मिशन (JJM) टेंडर घोटाले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने पूर्व आईएएस अधिकारी सुबोध अग्रवाल के खिलाफ विशेष न्यायालय में आरोप पत्र पेश कर दिया है। जानकारी के मुताबिक एसीबी ने करीब 17,500 पृष्ठों का विस्तृत चार्जशीट न्यायालय में दाखिल किया है। एसीबी की जांच में आरोप है कि जल जीवन मिशन के तहत करोड़ों रुपये के टेंडर फर्जी दस्तावेजों और कथित अनियमितताओं के आधार पर आवंटित किए गए। इसी मामले में एसीबी ने 9 अप्रैल को पूर्व आईएएस अधिकारी सुबोध अग्रवाल को दिल्ली से गिरफ्तार किया था।


वहीं इस मामले में तत्कालीन जलदाय मंत्री महेश जोशी, कारोबारी संजय बड़ाया और अन्य संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ जांच अभी लंबित रखी है। एसीबी का कहना है कि इन पहलुओं की जांच जारी है और आगे साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले एसीबी मामले में दिनेश गोयल, कृष्णदीप गुप्ता, शुभांशु दीक्षित, सुशील शर्मा, विशाल सक्सेना, अरुण श्रीवास्तव, डी.के. गौड़, महेंद्र प्रकाश सोनी, मुकेश पाठक और नीरिल कुमार सहित कई आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट पेश कर चुकी है।
इसके साथ ही मामले में फरार चल रहे जितेन्द्र शर्मा, मुकेश गोयल और संजीव गुप्ता के खिलाफ स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी हैं। एसीबी इन आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। जल जीवन मिशन से जुड़े इस कथित घोटाले को राजस्थान के हालिया वर्षों के सबसे बड़े टेंडर घोटालों में से एक माना जा रहा है, जिसकी जांच में लगातार नए तथ्य सामने आ रहे हैं।