Thar पोस्ट। आज रामपुरा बस्ती वार्ड नम्बर 39 के निवासियों द्वारा क्षेत्र में पानी की किल्लत और नई पाइप लाइन डालने की मांग को लेकर वार्ड पार्षद जितेन्द्र सिंह भाटी की अगुवाई में मुक्ता प्रसाद सेक्टर नम्बर-2 में स्थित ए.ई.एन. ऑफिस का घेराव किया गया और पानी की टंकी के आगे मटकियाँ फोड़कर और जलदाय विभाग और राज्य सरकार के खिलाफ जबरदस्त नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया गया । वार्ड पार्षद ने बताया कि रामपुरा के लोग हमेशा गर्मियों के समय में पानी की समस्या से पीड़ित रहते है और इसकी सूचना विभाग को कई बार दी जा चुकी है लेकिन विभाग द्वारा कोई कारवाही नही की गयी।उन्होंने बताया कि रामपुरा बस्ती की जनसंख्या लगभग चालीस हजार है और इस पूरे रामपुरा के लिए केवल एक ही पानी की टंकी व एक ही वाल्व है जिससे पूरे क्षेत्र में पानी की आपूर्ति नही हो पाती।
उन्होंने कहा की नहरबंदी के विकट समय में राज्य के जलदाय मंत्री द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में टैंकर द्वारा पानी आपूर्ति का दावा एकदम खोखला और कागज़ी है तथा जरुरत वाले क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है।पार्षद भाटी ने कहा कि पानी आपूर्ति हेतु रामपुरा क्षेत्र के तीन जोन बनाये जाने तक प्रदर्शन जारी रखा जायेगा। साथ ही वार्ड में जहां पानी की लाइन नही है वहां पानी की पाइप लाइन डाली जाए और तीन वाल्व बनवाए जाए जिससे टेल एरिया में पानी पहुंच सके।
पार्षद ने कहा कि अगर हमारी मांगे नही मांगी गयी तो विभाग और सरकार के खिलाफ विशाल धरना प्रदर्शन और आमरण अनशन तक किया जाएगा।
विरोध प्रदर्शन में वार्ड पार्षद भाटी के साथ मुकेश पांडे, सुलतान सिंह, मुकेश रामावत, सुनील कुमार, इकबाल खान लकी पँवार,श्याम,गोपाल,मनोज स्वामी,रुखसाना, बेबी, मेहराज, साबिया सहित अनेक महिलाएं भी उपस्थित रही।प्रदर्शन के दौरान पार्षद भाटी के आग्रह पर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य और पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. सत्यप्रकाश आचार्य ने जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता दीपक बंसल से दूरभाष पर बात की तो बंसल ने समस्या के शीघ्र निस्तारण का भरोसा दिलाया जिसके बाद इस विरोध प्रदर्शन को समाप्त किया गया।
सन्त, व्यापारियों एवं उद्यमियों के असामयिक निधन पर आयोजित होगी शोक सभा
बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल के अध्यक्ष जुगल राठी, बीकानेर जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया एवं बीकानेर जिला दवा विक्रेता संघ के महावीर पुरोहित ने बताया कि कल दिनांक 03 जून 2021 को बीकानेर जिला उद्योग संघ परिसर औद्योगिक क्षेत्र रानीबाजार में प्रातः 11 बजे से 2 बजे तक असामयिक निधन हुए सन्त शिरोमणि सन्त सोमगिरि जी महाराज एवं व्यापारी व उद्यमियों व उनके पारिवारिक सदस्यों की आत्मा की शांति हेतु शोक सभा का आयोजन किया जाएगा । इस सभा में धार्मिक, व्यापारिक एवं औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े व्यक्ति पूर्ण कोरोना गाइडलाइन की पालना करते हुए दिवंगत आत्माओं को पुष्पांजलि अर्पित करेंगे ।