Thar post राजस्थान विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय शिक्षक संघ – राष्ट्रीय (रुक्टा – राष्ट्रीय) की ओर से बुधवार को ‘मानव-जीवन, वैक्सीन पेटेण्ट और विश्व व्यापार संगठन‘ विषय पर जूम व फेसबुक पर ऑनलाइन माध्यम से एक व्याख्यान आयोजित किया गया। व्याख्यान देते हुए गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय, नोएडा के कुलपति प्रो. भगवती प्रकाश शर्मा ने कहा कि कोरोना महामारी के दौर में भारत विकासशील देशों के नायक के रूप में उभरा है, क्योंकि वैक्सीन के पेटेण्ट व अन्य मुद्दों पर दुनिया के लगभग सवा सौ देश भारत के साथ खड़े हैं। कोरोना के दौर में भारत ने वसुधैव कुटुम्बकम की भावना का प्रदर्शन करते हुए वैक्सीन व औषधि विज्ञान के अन्तर्गत आविष्कृत किए गए सभी उत्पादों पर विश्व के सभी देशों का समान अधिकार होने की अवधारणा को पुष्ट किया है। भारत के प्रस्ताव पर ही विश्व व्यापार संगठन में कोरोना के टीकों को सर्वसुलभ किए जाने पर सहमति बनी है। अमेरिका, यूरोप व ऑस्ट्रेलिया नहीं चाहते थे कि कोरोना के टीके सर्वसुलभ हों, लेकिन भारत के साथ खड़े सौ से अधिक देशों के प्रतिनिधियों, सैंकडों अमेरिकी सांसदों, साठ पूर्व राष्ट्राध्यक्षों और बड़ी संख्या में नोबल पुरस्कार विजेताओं के दबाव में उन्हें झुकना पड़ा। इसी कारण कोरोना वैक्सीन बनाने वाली कम्पनियाँ अपने पेटेण्ट कराने पर पुनर्विचार हेतु प्रेरित हुई हैं। मानवता के हित में आज नहीं तो कल दवा बनाने वाली कम्पनियों को भी यह काम करना पड़ेगा।प्रो प्रसाद ने कहा कि भारतीय संविधान में नागरिकों को जीवन जीने का जो मौलिक अधिकार प्राप्त है, उसके समक्ष पेटेण्ट के अधिकार का कोई मोल नहीं है, यह बात भारत पूरी दुनिया को समझाने में सफल रहा है। विभिन्न अन्तरराष्ट्रीय कानूनों और उनके सम्बन्ध में हुए विभिन्न सम्मेलनों का उल्लेख करते हुए उन्होने कहा कि अभी हमें बहुत लंबा सफर तय करना है, लेकिन इसके लिए जरूरी है कि हम देश में सकारात्मक वातावरण बनाए रखें। क्षुद्र स्वार्थों के लिए भारत की उपलब्धियों और इसके प्रयासों का राजनैतिक दृष्टि से विरोध करने वाले लोगों को चाहिए कि वे भारत की बढ़ रही अन्तरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा को ठेस पहुँचाने का कार्य न करें, क्योंकि उनके इस नकारात्मक आचरण से पूरी मानवता आहत होती है।कार्यक्रम का संचालन करते हुए रुकटा राष्ट्रीय के प्रदेश महामंत्री डॉ सुशील बिस्सु ने कहा कि संगठन से जुड़ा प्रत्येक शिक्षक कोरोना महामारी से निपटने के लिए तन, मन और धन से समर्पित है और भविष्य में भी रहेगा। धन्यवाद ज्ञापन प्रदेश संगठन मंत्री डॉ. दिग्विजय सिंह ने किया। प्रारम्भ में ईश-वन्दना डॉ. राजेश जोशी ने की। समापन पर कल्याण-मन्त्र का पाठ डॉ. हरिसिंह राजपुरोहित ने किया। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के संयुक्त सचिव डॉ. नारायण लाल गुप्ता कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे।