


Thar पोस्ट न्यूज। देश की हाईटेक नगरी गुरुग्राम में एक साथ 18 स्पा सेंटरों पर पुलिस ने छापा मारा है। यहां सेक्टर-90 स्थित सफायर 90 मॉल में संदिग्ध गैर-कानूनी गतिविधियों को लेकर गुरुग्राम पुलिस और हरियाणा राज्य महिला आयोग ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई की। रात 10 बजे से सुबह 3 बजे तक चले इस ऑपरेशन में मॉल के 18 स्पा सेंटरों पर एक साथ छापेमारी की गई। अनेक इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल उपकरण भी मिले है।

कार्रवाई के दौरान हड़कंप मच गया। पुलिस के करीब 100 पुलिसकर्मियों की टीम इस कार्रवाई में शामिल रही, जिसमें लगभग 20 इंस्पेक्टर और सब-इंस्पेक्टर भी थे। हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन उषा प्रियदर्शिनी अपनी टीम और ड्यूटी मजिस्ट्रेट के साथ मौके पर मौजूद रहीं। कार्रवाई ACP मुख्यालय-I अभिलक्ष जोशी की निगरानी में की गई।
पुलिस के अनुसार, 18 में से 8 स्पा सेंटरों में प्रथम दृष्टया संदिग्ध गैर-कानूनी गतिविधियों से जुड़े सबूत मिले हैं। इस दौरान इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल उपकरणों के साथ-साथ भौतिक और दस्तावेजी साक्ष्य भी जब्त किए गए हैं। पुलिस अब स्पा सेंटरों के मालिकों, संचालकों, मैनेजरों और अन्य संबंधित लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

छापेमारी के दौरान करीब 30 महिलाएं और 20 पुरुष मौके पर मिले। महिलाओं से पूछताछ कर उनकी परिस्थितियों और संभावित रूप से गतिविधियों में मदद करने वाले लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं, मौके पर मौजूद पुरुषों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। मामले की आगे की जांच SHO खेड़की दौला थाना द्वारा की जाएगी। गुरुग्राम पुलिस के अनुसार गैर-कानूनी गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
