


Thar पोस्ट न्यूज। आने वाले दिनों में पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर के आकाश में भारतीय वायुसेना के बहुराष्ट्रीय हवाई अभ्यास ‘तरंग शक्ति’ का प्रदर्शन होगा। इस दूसरे संस्करण में इस बार सात विदेशी देश हिस्सा लेंगे। यह अभ्यास 26 सितंबर से 12 अक्टूबर तक जोधपुर एयर फोर्स स्टेशन पर आयोजित किया जाएगा। अमेरिकी बहुउद्देश्यीय स्टील्थ लड़ाकू विमान एफ-35 पहली बार इस बहुराष्ट्रीय हवाई अभ्यास में शामिल होगा।

भारतीय वायुसेना ने अभ्यास की जानकारी देते हुए बताया कि इसका उद्देश्य भारत की रक्षा क्षमता का प्रदर्शन करने के साथ मित्र देशों की वायु सेनाओं के बीच परिचालन सहयोग और आपसी तालमेल को बढ़ावा देना है। भारतीय वायुसेना के मुताबिक, तरंग शक्ति के दूसरे संस्करण में अमेरिका, फ्रांस, जर्मनी, ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, श्रीलंका और संयुक्त अरब अमीरात हिस्सा लेंगे। अभ्यास के दौरान भारत की ओर से राफेल, मिराज-2000, जगुआर, तेजस, मिग-29 और सुखोई-30 एमकेआई समेत कई हवाई संसाधनों को प्रदर्शित किया जाएगा।
भारतीय वायुसेना के करीब 60 से 80 हवाई संसाधन शामिल होंगे। इनमें स्थिर प्रदर्शन के लिए रखे जाने वाले विमान और अन्य संसाधन भी शामिल हैं। एयर मार्शल दीक्षित ने अभ्यास में शामिल होने वाले विदेशी हवाई संसाधनों की जानकारी भी साझा की। उन्होंने कहा कि अभ्यास में एफ-35, एफ-16 और राफेल जैसे लड़ाकू विमानों के अलावा ए400एम, एमआरटीटी, केसी-135 और अन्य विशेष विमान भी शामिल होंगे।
इसके अलावा कुछ देश अभ्यास में पर्यवेक्षक के तौर पर भी हिस्सा लेंगे। एयर मार्शल दीक्षित ने बताया कि करीब 10 देशों के वायुसेना प्रमुख या उनके समकक्ष अधिकारी भी अभ्यास में शामिल होने की उम्मीद है।
