






Thar पोस्ट न्यूज। बीकानेर में अपराध बढ़ रहा है। बीती रात सदर थाना क्षेत्र में शनिवार को गजनेर रोड ओवरब्रिज पर हमले की वारदात को अंजाम दिया गया। कैंपर में सवार हथियारबंद बदमाशों ने एक कार को रुकवाकर उसमें सवार चार युवकों पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया।

पुलिस के मुताबिक गंगाशहर रोड स्थित भवानी होटल के पीछे रहने वाला चेतन सिंह उर्फ चिंटू पुत्र किशोर सिंह, छींपों के मोहल्ले निवासी भैंरू सिंह तथा उनके दो अन्य साथी कार में सवार होकर गजनेर रोड ओवरब्रिज से गुजर रहे थे। इसी दौरान एक कैंपर वाहन में सवार अज्ञात बदमाशों ने उनकी कार को रुकवाया और चारों को बाहर निकालकर घातक हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
घटना के बाद हमलावर फरार हो गए, जिसके चलते पुलिस ने शहरभर में नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की तलाश शुरू कर दी। पीबीएम अस्पताल में घायलों का उपचार जारी है। लगातार हो रही वारदात ने शहर की कानून-व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
