





Thar पोस्ट न्यूज। राजस्थान में स्पा सेंटरों पर व्यापक स्तर पर कार्रवाई की जा रही है। राज्य के भिवाड़ी शहर में स्पा सेंटरों की आड़ में संचालित किए जा रहे कथित अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए रॉयल प्लाजा और जेनेसिस मॉल स्थित कई स्पा सेंटरों पर एक साथ छापेमारी की। इस दौरान 27 से अधिक युवतियों को हिरासत में लिया गया, जबकि छह युवकों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया और दोनों मॉल परिसरों में लोगों की भीड़ जुट गई भिवाड़ी पुलिस को लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ स्पा सेंटरों में मसाज और वेलनेस सेवाओं की आड़ में अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। शिकायतों के सत्यापन और निगरानी के बाद पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई को अंजाम दिया। छापेमारी के बाद सभी युवतियों और गिरफ्तार युवकों को पूछताछ के लिए भिवाड़ी मोड़ पुलिस चौकी लाया गया। पुलिस उनकी पहचान और पृष्ठभूमि की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच के आधार पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ विभिन्न कानूनी धाराओं में प्रकरण दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

