Thar पोस्ट न्यूज। सरकारी महकमों में मोटी तनख्वाह मिलने के बाद भी रिश्वत लेने के मामलों में इजाफा हुआ है। राजधानी जयपुर के सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल में एसीबी ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की है। न्यूरो सर्जरी विभाग के प्रभारी और एसएमएस मेडिकल कॉलेज के एडिशनल प्रिंसिपल डॉ. मनीष अग्रवाल को 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा है।
सूत्रों के अनुसार, कुछ दिन पहले एक सप्लायर ने जयपुर स्थित एसीबी मुख्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसका काम एसएमएस अस्पताल के न्यूरो सर्जरी विभाग में उपयोग होने वाले ब्रेन कॉइल्स की सप्लाई से जुड़ा है। सप्लायर के बिलों पर काउंटर सिग्नेचर करने के बदले में डॉ. अग्रवाल ने 1 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। एसीबी ने मामले का सत्यापन किया, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद एसीबी ने ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई। गुरुवार को जैसे ही शिकायतकर्ता ने मांगी गई रकम डॉ. अग्रवाल को सौंपी, एसीबी टीम ने मौके पर पहुंचकर उन्हें रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। मौके से रिश्वत की पूरी रकम बरामद की गई।