Thar पोस्ट न्यूज। नकल करते चाचा भतीजा को पुलिस ने राडार पर लिया है। राजस्थान में पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के दौरान शनिवार को जयपुर के मुरलीपुरा स्थित शहीद हिम्मत सिंह राजकीय स्कूल में परीक्षा देने पहुंचे धौलपुर निवासी भूपेंद्र गुर्जर को बायोमेट्रिक सिस्टम ने अलर्ट कर दिया। जांच में पता चला कि भूपेंद्र ने जून में अपने भतीजे धर्मवीर के नाम से परीक्षा दी थी। परीक्षा खत्म होते ही पुलिस ने भूपेंद्र को हिरासत में ले लिया, और बाद में धर्मवीर को भी गिरफ्तार किया गया। AI तकनीक से लैस बायोमेट्रिक स्कैनर ने न केवल अंगुलियों की पहचान की, बल्कि चेहरे के फोटो मिलान से भी सटीक जानकारी दी। सभी 13 मामलों में अभ्यर्थियों की पहचान इस तकनीक के जरिए ही हो सकी।

राजस्थान पुलिस में कॉन्स्टेबल के 10,000 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए 13 और 14 सितंबर, 2025 को आयोजित की गई लिखित परिक्षा सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। इस परीक्षा के लिए कुल 5 लाख 24 हजार 740 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था। जिनमें से 3 लाख 76 हजार 902 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। दोनों दिनों में करीब 72% अभ्यर्थियों ने इसमें हिस्सा लिया। 

इस बारे में अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस भर्ती एवं पदोन्नति बोर्ड बिपिन कुमार पाण्डेय ने बताया कि रविवार 14 सितम्बर को जिला पुलिस कॉन्स्टेबल, इन्टेलीजेंस, आरएसी, एमबीसी के कॉन्स्टेबल सामान्य व चालक पद के लिए लिखित परीक्षा का आयोजन प्रदेश के 21 जिलों में किया गया। प्रातः 10.00 बजे से 12.00 बजे तक पहली पारी में 582 परीक्षा केंद्रों पर हुई और अपरान्ह 03.00 बजे से 05.00 तक दूसरी पारी में 21 जिलो के 580 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई। इन दोनों पारियों की परीक्षाओं में तीन लाख से कुछ अधिक अभ्यर्थी शामिल हुए।