Thar पोस्ट न्यूज बीकानेर। बीकानेर नगर विकास न्यास को अर्बन डेवलेपमेंट अथॉरिटी के रूप में क्रमोन्नत करने पर बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास ने मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा का आभार जताया है। विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री ने उनके आग्रह और जन भावना को ध्यान रखते हुए बीकानेर को बड़ी सौगात दी है। अब बीकानेर शहर में भी जयपुर, जोधपुर, कोटा और अजमेर की तरह बीकानेर डवलपमेंट अथॉरिटी होगी। डेवलपमेंट अथॉरिटी के पास ज्यादा अधिकार और संसाधन होंगे, जिससे शहर का विकास तेजी से हो सकेगा। गौरतलब है कि विधायक जेठानंद व्यास ने गत सप्ताह स्वायत्त शासन विभाग की अनुदान मांग पर चर्चा में भाग लेते हुए बीकानेर में यूआईटी को क्रमोन्नत कर प्राधिकरण बनाने की मांग उठाई थी। मुख्यमंत्री ने इसे मांगकर बीकानेर को बड़ी सौगात दी है। विधायक ने नगरीय विकास मंत्री का भी आभार जताया है। उन्होंने कहा कि बीकानेर के विकास से जुड़े मुद्दों को विधानसभा और राज्य सरकार स्तर पर नियमित रूप से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहर का सर्वांगीण विकास मेरी पहली प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को वित्त एवं विनियोग विधेयक पर चर्चा करते हुए खाजूवाला विधानसभा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं की।
विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री ने पूगल में ऊर्जा विभाग का नया सहायक अभियंता कार्यालय खोलने की घोषणा की। इससे पूगल क्षेत्र के हजार विद्युत उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा। सहायक अभियंता कार्यालय स्तर के कार्यों के लिए उपभोक्ताओं को कहीं जाना नहीं पड़ेगा।


डॉ. मेघवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा अनूपगढ़ शाखा प्रणाली (खाजूवाला) के शेष क्षतिग्रस्त खालों के लिए 100 करोड़ रुपए स्वीकृत किए। यह क्षेत्र के लिए अंतिम छोर तक बैठे काश्तकारों के फायदेमंद साबित होगा। उन्होंने इनके लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया है और कहा कि डबल इंजन की सरकार ने सीमांत क्षेत्र का विशेष ध्यान रखते हुए अनेक सौगातें दी हैं।

मुख्यमंत्री ने मानी विधायक की महत्वपूर्ण मांग

विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं में अक्षय ऊर्जा के प्रोत्साहन तथा अनुसूचित जाति-जनजाति के किसानों को सुविधा देने की दृष्टि से अनुसूचित जाति और जनजाति के काश्तकारों द्वारा अक्षय ऊर्जा परियोजनाओं में भूमि के उपयोग के लिए भूमि रूपांतरण संबंधी प्रावधान किया जाना प्रस्तावित किया गया है। उल्लेखनीय है कि गत सप्ताह डॉ. मेघवाल द्वारा विधानसभा में यह विषय उठाते हुए अनुसूचित जाति और जनजाति के काश्तकारों द्वारा सोलर प्लांट के लिए भूमि लीज पर देने पर इसके कन्वर्जेंस की प्रक्रिया में छूट अथवा सरलीकरण की मांग की थी। इसे मानते हुए मुख्यमंत्री द्वारा यह घोषणा की गई है।

बीकानेर जिला उद्योग संघ की बीकानेर विकास प्राधिकरण घोषित करने मांग हुई पूरी
मुख्यमंत्री भजनलाल एवं विधायक जेठानंद का जताया आभार
बीकानेर जिला उद्योग संघ ने कुछ दिन पूर्व ही विधायक जेठानन्द व्यास के माध्यम से बीकानेर को विकास प्राधिकरण की बजट घोषणा करने हेतु मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मांग की थी । विधायक जेठानंद के सकारात्मक प्रयासों से आज मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बीकानेर को विकास प्राधिकरण बनाने की घोषणा कर दी । बीकानेर जिला उद्योग संघ अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया एवं सचिव वीरेंद्र किराड़ू ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा व विधायक जेठानंद व्यास का आभार जताते हुए बताया कि बीकानेर को विकास प्राधिकरण बनाने की घोषणा आवश्यक थी क्योंकि बीकानेर शहर की आबादी 10 लाख से भी ज्यादा की है तथा बीकानेर में न्यास के पास विकास के लिए 10000 बीघा भूमि भी उपलब्ध है । बीकानेर को प्राधिकृत घोषित किये जाने से इस भूमि को शहर के विकास के लिए उपयोग में लिया जा सकता है | बीकानेर घनी आबादी वाला शहर होने के कारण यहाँ न्यास से संबंधित कार्यो की भरमार भी ज्यादा रहती है । बीकानेर विकास प्राधिकृत घोषित किये जाने के बाद उच्च अधिकारियों की नियुक्ति व आवश्यक स्टाफ की अधिकता से आम जनता के कार्य भी आसानी से संपादित किये जा सकेंगे और बीकानेर का चहुंमुखी विकास भी हो सकेगा । बीकानेर जिला उद्योग संघ सदैव बीकानेर के चहुंमुखी विकास के लिए मांग करता आया है और विकास की भावना से की हुई मांग सदैव सकारात्मक परिणाम ही दिलाती है । बीकानेर को विकास प्राधिकरण का दर्जा मिलने से पूरे बीकानेर जिला उद्योग संघ एवं बीकानेर के नागरिकों में खुशी का माहौल है ।