Thar पोस्ट। देशभर में अपराध का ग्राफ तेज़ी से बढ़ रहा है। राजस्थान के भीलवाड़ा में खाना खाकर टहलने निकली महिला का तीन बदमाशों ने किडनैप कर गैंगरेप किया। इसके बाद महिला को निर्वस्त्र हालत में छोड़कर फरार हो गए। दुष्कर्म पीड़िता भीड़भाड़ वाले रास्ते पर निर्वस्त्र हालात में लोगों से मदद मांगती रही, लेकिन किसी ने मदद नहीं की। मौके पर पहुंचे पुलिसवाले उसे बैनर में लपेटकर पुलिस स्टेशन लाए। महिला से पूछताछ के आधार पर तीन आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। घटना भीलवाड़ा के गंगापुर की शनिवार रात करीब आठ बजे की है। पुलिस उपाधीक्षक लाभूराम ने बताया कि शनिवार रात एक ग्रामीण ने सूचना दी कि गंगापुर से 6-7 किलोमीटर दूर एक महिला निर्वस्त्र मिली है। जिसके साथ गैंगरेप हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार महिला खाना खाने के बाद घर से टहलने निकली थी। इस दौरान कार सवार 3 बदमाशों ने उसे किडनैप कर लिया। जहां से महिला किडनैप हुई वह जगह डीएसपी ऑफिस से महज 100 कदम की दूरी पर है।कार सवार बदमाश महिला को किडनैप कर गंगापुर से 8 किलोमीटर दूर एक खंडहर में ले गए। वहां महिला से गैंगरेप के बाद उसके सारे कपड़े लेकर उसे निर्वस्त्र हालत में मौके पर ही छोड़कर भाग गए। बदहवास महिला वहां से सड़क पर आई और करीब आधे घंटे तक लोगों से मदद मांगती रही। लेकिन किसी भी कार चालक ने उसकी मदद नहीं की। वहां से निकले एक बाइक सवार ने इसकी सूचना पुलिस को दी। रात 10 बजे के करीब मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को प्लास्टिक का बैनर ओढ़ाया और थाने ले आई। वहां से महिला को डीएसपी ऑफिस लाया गया। पूछताछ के बाद मेडिकल के लिए गंगापुर हॉस्पिटल लेकर गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद रात में गंगापुर थाने पर लोगों की भीड़ जुट गई। हालांकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है मामले में सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
महिला डेली खाना खाने के बाद शाम को टहलने निकलती थी और करीब एक डेढ़ घंटे बाद वापस लौटती थी। इसलिए देर होने पर भी उसके पति को शक नहीं हुआ। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस को पीड़िता की टूटी हुई चूडियां व एक युवक का अंडरगारमेंट भी मिला है। पुलिस ने देर रात ही तीन टीमों का गठन कर तीन संदिग्ध युवकों को डिटेन कर लिया था। अभी पुलिस युवकों के बारे में कोई जानकारी नहीं दे रही है। युवक गंगापुर के आस-पास के ही बताए जा रहे है। घटना के बाद से ही इलाके में तनाव है।