Thar पोस्ट, न्यूज जयपुर। एक पखवाड़े से समूचे राजस्थान में मानसून पर ब्रेक सा लगा हुआ है। लेकिन मौसम विभाग का कहना है कि अब यह ब्रेक हट रहा है। विभाग के मुताबिक करीब 15 दिन से चल रहा मानसून ब्रेक अब खत्म होने के कगार पर है। इसकी वजह है कि शुक्रवार को उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी व पश्चिम बंगाल, उड़ीसा तट पर एक कम दबाव का क्षेत्र विकसित हुआ है। इसके 2-3 दिन में इस सिस्टम के छत्तीसगढ़ की ओर आगे बढ़ने की संभावना है। इसका असर राजस्थान में दिखेगा। यहां अगले तीन-चार दिन कोटा, उदयपुर, भरतपुर, जयपुर व अजमेर संभाग के कुछ भागों में मानसून सक्रिय रहेगा। जिसके कारण बरसात होगी। शनिवार व रविवार को कोटा, जयपुर, भरतपुर, उदयपुर व अजमेर संभाग के कुछ भागों में मेघगर्जन के साथ हल्की-मध्यम बारिश होने की संभावना है। जबकि 21 अगस्त को धौलपुर, भरतपुर व जयपुर संभाग के कुछ भागों में जारी रहेगा। पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों को छोड़कर जोधपुर, बीकानेर संभाग में भी हल्की बरसात हो सकती है।