Thar पोस्ट न्यूज। राजस्थान राज्य के 60 प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों (PHC) को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में अपग्रेड किया जाएगा। इनके लिए 883 अतिरिक्त पदों का भी सृजन किया जाएगा। इसे लेकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इसके अनुसार नागौर में छह, जोधपुर में पांच, जयपुर, बारां और बाड़मेर में चार-चार, बीकानेर, दौसा, भरतपुर और सीकर में तीन-तीन, पाली, झुंझुनूं, अलवर, बांसवाड़ा, डूंगरपुर, करौली और जालोर में दो-दो, बूंदी, चित्तौड़गढ़, झालावाड़, प्रतापगढ़, उदयपुर, सवाई माधोपुर, जैसलमेर, भीलवाड़ा, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, टोंक में एक-एक प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में अपग्रेड किया जाएगा।जूनियर स्पेशलिस्ट के 120, वरिष्ठ चिकित्साधिकारी के 58, चिकित्साधिकारी के 50, नर्स श्रेणी प्रथम के नौ, नर्स श्रेणी द्वितीय के 280, फार्मासिस्ट के सात, सहायक रेडियोग्राफर के 60, कनिष्ठ और वरिष्ठ सहायक के 60, वार्ड बॉय के 157 तथा सफाई कर्मचारी के 82 पदों सहित कुल 883 नवीन पदों का सृजन किया जाएगा। क्रमोन्नत सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों के लिए 55 मशीन विथ मैन की सेवाएं भी ली जाएंगी। मुख्यमंत्री ने वर्ष 2023-24 के बजट में प्रदेश में चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के लिए इस संबंध में घोषणा की थी।