Thar पोस्ट, न्यूज। बीकानेर जिले की लूणकरणसर तहसील के हंसेरा में एक ढाणी की झोंपड़ी के अंदर चार्जिंग पर लगे मोबाइल की बैटरी में ब्लास्ट होने से 3 महीने की एक बच्चे सहित तीन जने झुलस गए। जिनका उपचार बीकानेर में किया जा रहा है। तीनों की हालत गंभीर बताई जा रही है। बैटरी में ब्लास्ट से घर में आग लग गई और काफी सामान भी जलकर राख हो गया। इसमें सोने-चांदी के जेवर भी बताए जा रहे हैं । घटना के समय घर के अंदर 2 बच्चे सो रहे थे। तीन महीने की बच्ची की हालत गंभीर है। वह 35 प्रतिशत तक झुलसी है। दोनों बच्चों को बचाने में एक युवक के दोनों हाथ झुलस गए हैं।हंसेरा में रहने वाले सोहन राम मेघवाल के दो जवाई मुकेश और रमेश हैं। ये दोनों सगे भाई हैं। दोनों जवाई फसल कटाई के लिए आए थे। शनिवार सुबह परिवार सहित दोनो जमाई ढाणी से कुछ दूरी पर स्थित खेत में फसल काट रहे थे। मुकेश और रमेश की बहन सुलोचना भी साथ आई हुई थी। ढाणी के पास ही बने झोपड़े में पुराने मोबाइल चार्ज पर लगे थे। सुलोचना ढाणी में खाना बना रही थी। ढाणी के झोपड़े से अचानक एक 4 वर्ष का बच्चा दौड़ते हुए बाहर आया। सुलोचना को बताया कि अंदर झोपड़े में आग लगी है।झोपड़े में तीन महीने की तपस्या पुत्री मुकेश और मानव (2) पुत्र मघाराम झोपड़े में सो रहे थे। अंदर चार्ज होते मोबाइल बैटरी में विस्फोट हुआ और आग लग गई। झोपड़ा खींप (घास) से बना हुआ था। सुलोचना ने फौरन रमेश और मुकेश को आवाज लगाई। दोनों झोपड़े की ओर दौड़े। सामने आग धधक रही थी। मुकेश ने आग की परवाह न करते हुए दोनों बच्चों को बाहर निकाल लिया। इस दौरान मुकेश के दोनों हाथ झुलस गए। दोनों बच्चे भी आग की चपेट में आ गए थे। तीन महीने की तपस्या 35 प्रतिशत तक झुलस गई है।