Thar पोस्ट, न्यूज बीकानेर। शिक्षा मंत्री डॉ. बी. डी. कल्ला ने मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत द्वारा राज्य विधानसभा में गुरुवार को बजट पर हुई बहस के जवाब के दौरान बीकानेर में स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने के लिए ‘आई स्टार्ट इनोवेशन हब‘ एवं गंगाशहर में नया राजकीय महाविद्यालय स्थापित करने सहित राजकीय डूंगर महाविद्यालय में ऑडिटोरियम, अभिलेख संग्रहालय में 350 स्वतंत्रता सेनानियों की फोटो, फोटोग्राफी दीर्घा तथा 200 सीटों के वातानुकूलित सभागार के निर्माण जैसी अहम घोषणाओं के लिए बीकानेर जिले की जनता की ओर से उनका आभार व्यक्त किया है।
डॉ. कल्ला ने बताया कि बीकानेर जिले के विद्यार्थियों के सपनों को साकार करने और उन्हें नए जमाने के अनुरूप अपने कॅरिअर को संवारने में ‘आई स्टार्ट इनोवेशन हब‘ और बीकानेर के शहरी विधानसभा क्षेत्र के तहत एक और राजकीय महाविद्यालय स्थापित होने से युवाओं की प्रगति के नए रास्ते खुलेंगे। डॉ. कल्ला ने बताया कि इससे पहले मुख्यमंत्री श्री गहलोत ने अपने बजट भाषण में मुरलीधर व्यास कॉलोनी में कन्या महाविद्यालय खोलने की भी बड़ी घोषणा की थी, ये घोषणाएं शैक्षिक विकास की दृष्टि से बीकानेर की जनता के लिए वरदान साबित होगी।
शिक्षा मंत्री ने इसके साथ ही मुख्यमंत्री श्री गहलोत द्वारा बजट पर अपने जवाब के दौरान खाजूवाला में अतिरिक्त जिला एवं सैशन न्यायालय, बज्जू में सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय खोलने, दियातरा (कोलायत) के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में क्रमोन्नत करने तथा खारा में अग्निशमन केन्द्र स्थापित करने जैसी अन्य महत्वपूर्ण घोषणाओं के लिए भी जिले की जनता की ओर से उनका धन्यवाद ज्ञापित किया है।

श्रीकोलायत को फिर मिली अनेक सौगातें, ऊर्जा मंत्री ने मुख्यमंत्री का जताया आभार
टेचरी फाटा से कोलायत बाजार तथा कपिल सरोवर बाईपास होते हुए मढ सड़क का होगा चौड़ाईकरण और नवीनीकरण
यातायात की सुगमता के साथ पर्यटन विकास को लगेंगे पंख
बीकानेर। ऊर्जा मंत्री श्री भंवर सिंह भाटी ने मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत द्वारा गुरुवार को श्रीकोलायत विधानसभा क्षेत्र से संबंधित घोषणाएं करने पर प्रसन्नता जताई है।उन्होंने कहा है कि मुख्यमंत्री ने एक बार फिर श्रीकोलायत को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अनेक घोषणाएं की है, इनसे क्षेत्र के विकास को नए पंख लगेंगे।
उन्होंने बताया कि टेचरी फाटा से कोलायत बाजार तथा कपिल सरोवर बाईपास होते हुए मढ तक 8 किलोमीटर सड़क के चौड़ाईकरण (7 मीटर) एवं नवीनीकरण लिए 12 करोड़ की घोषणा की गई है। यह सड़क बनने से कपिल सरोवर आने वाले श्रद्धालुओं और आमजन की आवाजाही सुगम होगी। साथ ही क्षेत्र में पर्यटन विकास की दृष्टि से भी यह महत्वपूर्ण साबित होगी।
उन्होंने दियातरा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में क्रमोन्नत करने की घोषणा पर खुशी जाहिर की तथा कहा कि इससे स्थानीय लोगों को चिकित्सा सेवाएं और अधिक बेहतर तरीके से मिल सकेंगी। वहीं बज्जू में सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय खोले जाने की घोषणा की गई है। ऊर्जा मंत्री ने बताया कि श्रीकोलायत की नवसृजित ग्राम पंचायतों में चरणबद्ध तरीके से पशु चिकित्सा उपकेंद्र खुलेंगे, जिससे पशुपालकों को लाभ होगा। उन्होंने कहा कि बजट घोषणा की तरह गुरुवार को हुई घोषणाओं से स्थानीय नागरिकों के चेहरों पर खुशी की लहर है। उल्लेखनीय है कि क्षेत्र में इन सभी कार्यों के लिए ऊर्जा मंत्री सतत प्रयत्नशील रहे। उन्होंने क्षेत्र का विशेष ध्यान रखने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया है।

सड़क सुदृढ़ीकरण की दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं घोषणाएं
बीकानेर। आपदा प्रबंधन एवं सहायता विभाग मंत्री श्री गोविंद राम मेघवाल ने गुरुवार को मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत द्वारा खाजूवाला विधानसभा क्षेत्र के लिए की गई घोषणाओं के लिए आभार जताया है। उन्होंने कहा कि यह घोषणाएं क्षेत्र में सड़क तंत्र सुदृढ़ीकरण की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण हैं।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा 507 हैड, 1 केएम से महादेववाली तक की 10 किलोमीटर सड़क के लिए 4 करोड़, खाजूवाला से एमडीआर 296 वाया 30 पावली 40 केवाईडी अलदीन भागु फाटा तक की 32 किलोमीटर सड़क के लिए 18 करोड तथा खाजूवाला से 7 केएनडी 365 हेड जिला सीमा तक 23.7 किलोमीटर सड़क के लिए 15 करोड़ रुपए की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि इससे सरहदी क्षेत्र में रहने वाले ग्रामीणों को राहत मिलेगी तथा वे सुगमता से आवाजाही कर सकेंगे। उन्होंने खाजूवाला में अतिरिक्त जिला एवं सेशन न्यायालय खोले जाने की घोषणा पर भी प्रसन्नता जताई है। इसी प्रकार मुख्यमंत्री ने पूगल को 132 केवी जीएसएस और खारा को अग्निशमन केंद्र की सौगात दी है। यह घोषणाएं भी आमजन के लिए फायदेमंद होंगी। साथ ही मुख्यमंत्री द्वारा स्वैच्छिक भार वृद्धि योजना लागू करने तथा क्षेत्र की नई ग्राम पंचायतों में चरणबद्ध तरीके से पशु चिकित्सा उप स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना करने की घोषणा को भी ग्रामीणों के लिए लाभदायक बताया है।