Thar पोस्ट, जयपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सरकार अब चुनावी साल का बजट 10 फरवरी को पेश करने जा रही है। इस बार गहलोत सरकार का बजट करीब 2 लाख 95 हजार करोड़ के आस-पास रहने की सम्भावना है। जो बढ़त वाला बजट होगा। गहलोत ने पिछले साल मार्च-2022 में जो 2022-23 का बजट पेश किया था, वह 2 लाख 71 हजार 881 करोड़ रुपए का था। कुल राजस्व 2 लाख 14 हजार 977 करोड़ 23 लाख रुपए था।सीएम गहलोत पर कुछ घोषणाएं करने का प्रेशर कांग्रेस हाईकमान का भी है। पिछले दिनों राजस्थान में भारत जोड़ो यात्रा के वक्त राहुल गांधी के कहने पर सीएम गहलोत ने बजट से पहले ही 500 रुपए में गैस सिलेंडर देने की घोषणा की थी। माना जा रहा है बजट में सस्ती घरेलू गैस की सौगात लोगों को मिल सकती है। सरकार वैट में बड़ी कटौती कर सकती है।पेट्रोल-डीजल पर महंगाई की मार के खिलाफ भी कांग्रेस केंद्र से सड़कों पर लड़ रही है। पेट्रोल-डीजल की कीमतों से भी राजस्थान सरकार अपने हिस्से का वैट घटाकर आम जनता और नौकरीपेशा वर्क को बड़ी राहत दे सकती है। डीजल सस्ता होने पर ट्रांसपोर्टेशन भी सस्ता होगा और महंगाई से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। पेट्रोलियम और गैस की कीमतें घटने से घरेलू बजट में सीधा बचत होगी।सीएम गहलोत 1 लाख नई भर्तियां निकालने की घोषणा बजट में कर सकते हैं। इससे बेरोजगार युवाओं को बड़ी राहत मिलेगी। सीएम पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि यह बजट युवाओं और स्टूडेंट्स को समर्पित रहेगा। बजट के बाद गहलोत 200 विधानसभा क्षेत्र के चुनावी दौरे पर निकलेंगे। इसलिए इस आखिरी बजट में कई लोकलुभावन और बड़ी घोषणाएं होंगी, जो चुनावी नजरिए से गहलोत सरकार और कांग्रेस पार्टी के लिए देशभर में अहम होगी।