Thar पोस्ट, न्यूज। बीकानेर सहित अन्य जिलों में पुलिस महकमे में विभागीय कार्रवाई से खलबली मची हुई है। पुलिस मुख्यालय की ओर से रविवार को राज्य में रात 8:00 बजे के बाद अवैध शराब बिक्री को लेकर स्थानीय पुलिस कर्मियों की जांच के लिए डिकोय ऑपरेशन किया गया। इस दौरान टीम को चित्तौड़गढ़ जिले में कोई अनियमितता नहीं मिली। शेष स्थानों पर अनियमितता पाए जाने पर 17 थाना अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई प्रारंभ की गई है।महानिदेशक पुलिस उमेश मिश्रा ने बताया कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के निर्देश हैं कि रात 8:00 बजे के बाद अधिकृत शराब की दुकानों से शराब विक्रय होने पर सख्त कार्रवाई की जाए। इन्हीं निर्देशों के चलते पुलिस मुख्यालय से रविवार शाम को डिकोय ऑपरेशन किया गया। जयपुर दक्षिण, डूंगरपुर, उदयपुर, हनुमानगढ़, बीकानेर, सिरोही, पाली, जोधपुर पूर्व व पश्चिम, चूरु एवं चित्तौड़गढ़ में टीम भेजकर डिकोय ऑपरेशन करवाया गया। पुलिस मुख्यालय की टीम ने चित्तौड़गढ़ के अलावा जयपुर के मानसरोवर, डूंगरपुर के बिछीवाड़ा व सागवाड़ा, उदयपुर के हिरण मगरी, हनुमानगढ़ के टाउन, बीकानेर के जय नारायण व्यास कॉलोनी, कोटगेट व नोखा, सिरोही के शिवगंज व पाली के बैर व जैतारण, जोधपुर पूर्व के रातानाडा, जोधपुर पश्चिम के प्रताप नगर, प्रताप नगर सदर एवं चूरू के कोतवाली और सुजानगढ़ क्षेत्रों में यह ऑपरेशन किया गया।डीजीपी मिश्रा ने बताया कि इन जिलों में अनियमितता पाए जाने पर 17 थाना अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई प्रारंभ की गई है। निर्धारित समय के बाद अधिकृत शराब की दुकानों से शराब विक्रय नहीं होने के संबंध में जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी। भविष्य में भी इस प्रकार के डिकोय ऑपरेशन निरंतर जारी रहेंगे।