Thar पोस्ट, न्यूज। कुछ राहत के बाद अब फिर से जयपुर, बीकानेर संभाग मे सर्दी फिर जोर पकड़ रही है। यहां बफीर्ली हवा चलने के साथ घना कोहरा छाएगा और तापमान में भी जबर्दस्त गिरावट आएगी। मौसम विभाग ने 14 जनवरी के लिए 6 जिलों में ऑरेंज (तेज शीतलहर) और 13 जिलों में यलो अलर्ट (शीतलहर) जारी किया है।
जोधपुर में कल हुई सीजन की पहली मावठ के बाद धोरों में सर्दी तेज हो गई। जैसलमेर में आज न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो एक दिन पहले 10.5 पर था। यहां आज सुबह आसमान में कोहरा भी रहा। हल्की सर्द हवा भी चली। यही स्थिति जोधपुर, बाड़मेर में भी रही। जोधपुर में भी सुबह कोहरा छाया रहा। देर तक धूप नहीं निकली। जोधपुर में आज न्यूनतम तापमान 10.1 और बाड़मेर में 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
कोहरे से दिन का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस गिरा : गंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर एरिया में कल दिन में घना कोहरा छाया। कोहरे के साथ ही यहां हल्की सर्द हवाएं भी चली। इससे यहां दिन का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। जैसलमेर में एक दिन पहले दिन का अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस था, जो कल गिरकर 17.4 पर पहुंच गया। इसी तरह गंगानगर में तापमान 20.5 से गिरकर 13.5 पर आ गया। बीकानेर में भी टेम्प्रेचर कल 27 से गिरकर 20.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।
इन जिलों के लिए जारी किया ऑरेंज अलर्ट
मौसम केन्द्र जयपुर ने चूरू, बीकानेर, हनुमानगढ़, झुंझुनूं, सीकर और नागौर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में कल तेज शीत लहर चलने के साथ गलन भरी सर्दी पड़ेगी। इसी तरह गंगानगर, अलवर, जयपुर, दौसा, भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर, अजमेर, टोंक, बूंदी, भीलवाड़ा और चित्तौड़गढ़ जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। यहां भी शीतलहर चलेगी।