Thar पोस्ट, न्यूज। दिल्ली में दूध के भाव बढ़ रहे हैं। अमूल और मदर डेयरी ने अपनी दूध की कीमतों में तीन बार इजाफा किया है. इस दौरान रेट में 6 रुपये का इजाफा हुआ है. शनिवार को अमूल ने एक लीटर फुल क्रीम (अमूल गोल्ड) दूध की कीमतों में दो रुपये का इजाफा किया है. अब लोग इसके लिए 61 रुपये की जगह 63 रुपये चुका रहे हैं. वहीं, आधा लीटर दूध की कीमतें 30 रुपये से बढ़कर 31 रुपये हो गईं. इसके अलावा अमूल ने भैंस के दूध के रेट में भी दो रुपये प्रति लीटर का इजाफा किया है. भैंस का दूध भी 61 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 63 रुपये हो गया है. हालांकि, अमूल की बढ़ी हुई कीमतें गुजरात को छोड़कर बाकी पूरे देश में लागू हैं।
सप्ताह की शुरुआत में जारी थोक महंगाई दर के आंकड़ों के अनुसार, चारे की महंगाई दर 25 फीसदी की रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गई है. हालांकि यह अगस्त महीने की दर से थोड़ी कम है. इसका सीधा असर उन किसानों पर पड़ा है, जो अपने जीवन-यापन के लिए मवेशी पालते हैं. उन्हें अपने मवेशी के लिए महंगा चारा खरीदना पड़ रहा है, जिसके चलते दूध के उत्पादन की कॉस्ट बढ़ रही है. इस वजह से दूध कीमतों में इजाफा हो रहा है.
पिछले साल सितंबर में चारा महंगाई दर 20.57 फीसदी पर थी. इस साल अगस्त में यह 25.54 फीसदी रही थी, जो पिछले 9 साल का सबसे उच्च स्तर था. 2021 से ही चार की कीमतें बढ़ रही हैं और इसके महंगाई दर में इजाफा हो रहा है. हाल के महीनों में इसमें तेजी देखी गई है. पिछले पांच महीने (मई-सितंबर 2022) के दौरान ये 20 फीसदी से ऊपर मंडरा रही है.