Thar post न्यूज बीकानेर। संसार में तीन तरह की मानसिकता के लोग हैं। पहले प्रकार की मानसिकता वाले लोग जो निर्बल होते हैं।  इस श्रेणी में संसारी लोग आते हैं,। दूसरी मानसिकता वाले सबलता की श्रेणी में आते हैं। जैसे साधु और साधक लोग तथा तीसरे प्रकार के लोग निर्मलता लिए होते हैं। ऐसे लोग अराधक होते हैं। हर साधक को अराधक बनना चाहिए और अराधना तभी संभव है जब हमारे अंदर क्षमा के भाव हों, यह सद्ज्ञान श्री शान्त क्रान्ति जैन श्रावक संघ के 1008 आचार्य श्री विजयराज जी महाराज ने बुधवार को सेठ धनराज ढ़ढ्ढा की कोटड़ी में चल रहे चातुर्मास के उपलक्ष में नित्य प्रवचन के दौरान श्रावक-श्राविकाओं को दिए।
आचार्य श्री विजयराज जी महाराज साहब ने कहा कि क्षमा कहने और सुनने में बहुत छोटा केवल दो अक्षर का शब्द है। लेकिन प्रश्न यह है कि क्षमा कौन कर सकता है..?। महाराज साहब ने कहा कि क्षमा वही कर सकता है जो कर्म सिद्धान्त पर विश्वास करता है। उसके अन्दर क्षमा का भाव पैदा होता है। यही क्षमा का भाव  साता वेदनीय कर्म का बंध करता है। लेकिन संसारी लोग इस मामले में निर्बल होते हैं। संसारी लोगों की हर काम में अपने आप को निर्बल महसूस करते हैं। मैं क्या कर सकता हूं..?, मुझसे क्या होगा..?, संसारी की यह मानसिकता रहती है। अपराधी के साथ अपराध करना बैर परम्परा को बढ़ाता है। बदले की भावना संसारी के मन में रहती है। लेकिन साधक और अराधक इस मानसिकता में नहीं जीते हैं। महाराज साहब ने कहा कि बदला लेने की भावना निकृष्ट भावना होती है और सहन करने की भावना उत्कृष्ट भावना होती है।
इस विषय पर एक प्रसंग बताते हुए कहा कि एक बार एक अमेरिकी सेनापति  अपने सैनिकों के साथ कहीं पर जा रहा था। रास्ते में एक व्यक्ति ने उस सेनापति के मुंह पर थूक दिया। सेनापति को इस पर कोई गुस्सा नहीं आया, लेकिन सैनिक ने उस पर बंदूक तान दी। यह देख सेनापति ने कहा, ठहरो, यह कहकर उसने जेब से रुमाल निकाला और चेहरा पूंछते हुए कहा कि जो काम एक छोटा सा रुमाल कर सकता है, उसके लिए बंदूक की कहां जरुरत आ गई। महाराज साहब ने बताया कि जब एक अंग्रेज वह भी सैनिक होकर जैन धर्म की भावना रखता है तो आप लोग तो जैन की संतान हो, आपको तो क्षमा भाव रखने ही चाहिए। महाराज साहब ने कहा कि नर का सौंदर्य रूप है। रूप का सौंदर्य गुण है और गुण का सौंदर्य ज्ञान है तथा ज्ञान का सौंदर्य क्षमा है। लेकिन आजकल देखने में आ रहा है कि लोगों में क्षमा का स्थान क्रोध ने ले लिया है। बात-बात में लोग आक्रोशित हो जाते हैं, सहनशीलता जवाब दे जाती है, यह ठीक नहीं है।
महाराज साहब ने कहा कि पुण्य कमाइये, पुण्य की शक्ति सबसे बड़ी शक्ति है। अपने पुण्य- पाप का चिंतन करो। बस यही ज्ञान है, इस ज्ञान की सरिता में गोता लगाएं। सहनशील बनें, सहिष्णु बनें, सच्चे बनें और अपने समय, शांति तथा सामर्थ्य को सृजन में लगाना है, यह भाव मन में रखना चाहिए।
आचार्य श्री ने कहा कि भाव बिगड़ता है तो इससे व्यवहार बिगड़ता है। व्यवहार के बिगडऩे से संबंध बिगड़ते हैं, संबंधों के बिगडऩे से घर बिगड़ता है और घर बिगडऩे से पुनवानी खराब होती है और जब पुनवानी खराब हो जाती है तो परम्परा खराब हो जाती है। महाराज साहब ने कहा कि सदैव याद रखो भाव किसी के प्रति बिगाड़ो, भाव तो अपना ही बिगड़ेगा। इसलिए अपने धर्म में स्थिर रहें, अपने भाव मत बिगाड़ो, यह सबसे बड़ी हिंसा है। जितनी कू्ररता, कठोरता, निर्दयता और निर्ममता किसी के प्रति मन में रहेगी, उतने ही आपके भाव बिगड़ते जाएंगे। इसलिए इस पर चिंतन करो, क्षमा के गुण को अपनाने का निरन्तर प्रयास करते रहना चाहिए।  प्रवचन विराम के बाद आचार्य श्री ने भजन ‘उम्र थोड़ी सी हमको मिली थी मगर, वो भी घटने लगी देखते-देखते’ और ज्ञान साधना की सरिता में, गोते खूब लगाओ, तुम अपनी मंजिल पाओ’ के माध्यम से जीवन का सार बताया।
सामूहिक एकासन रविवार को
श्री शान्त- क्रान्ति जैन श्रावक संघ के अध्यक्ष विजयकुमार लोढ़ा ने बताया कि श्री संघ की ओर से सामूहिक एकासन रविवार 7 जुलाई को अग्रसेन भवन में आयोजित किया जाएगा।

Thar पोस्ट बीकानेर। आज पुष्करणा समाज की सिरमौर संस्था अखिल भारतीय पुष्टिकर सेवा परिषद के जिला कार्यकारणी की बैठक रखी गई। जिसमें श्री गोपाल बिस्सा (जिला अध्यक्ष बीकानेर ) ने राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री रूपकिशोर किशोर व्यास और श्री जयगोपाल जोशी (प्रदेश अध्यक्ष) के निर्देशानुसार कार्यकारणी का गठन किया। कार्यकारणी की घोषणा करते हुए श्री बिस्सा ने बताया कि अखिल भारतीय पुष्टिकर सेवा परिषद की जिला कार्यकारणी में दो वरिष्ठ उपाध्यक्ष 1. श्री राजेन्द्र किराडू एफवोकेट एवं 2. श्री शिवशंकर बोड़ा को, उपाध्यक्ष पद पर तीन 1. सूर्यकांत व्यास, 2. विष्णुदत्त पुरोहित, 3. मुकेश पुरोहित को बनाया गया। एक महामंत्री विनीत कुमार पुरोहित को बनाया गया है। तीन युवाओं को सचिव 1. सुमित बिस्सा, 2. कृष्णकांत हर्ष, 3. रवि कलवानी को सौंपी गई है। कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी आशीष कुमार बिस्सा को दी गई है। इसी तरह कार्यालय मंत्री गोपाल पुरोहित, प्रचार मंत्री उदयकुमार व्यास को बनाया गया है।

Thar पोस्ट।बीकानेर/ सीवरेज जागरूकता अभियान के अन्तर्गत बुधवार को गोपेश्वर बस्ती में चित्रकला प्रतियोगिता एवं जागरूकता रैली का आयोजन किया गया ।एसओटी टीम के सुनील लुणु ने बताया कि राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गौपेश्वर बस्ती में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अधिशाषी अभियंता राजीव गुप्ता थे। प्रारंभ में स्वागत भाषण करते हुए प्रभारी अधिकारी सुरेन्द्र चौधरी ने कहा कि स्कूली विधार्थियों के माध्यम से आमजन को जागरूक करना होगा जिससे सीवरेज के रख रखाव की जानकारी प्रत्येक व्यक्ति तक पहुँच सकेंगी । चौधरी ने आह्वान किया कि गंगाशहर क्षेत्र में सीवरेज संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत के लिए 8824291942, 7976656239 एवं 7976676933 नबंरों पर दर्ज करवायी जा सकती है ।
मुख्य अतिथि अधिशाषी अभियंता राजीव गुप्ता ने छात्र-छात्राओं द्वारा बनाये गये शानदार चित्रों की प्रदर्शनी लगाई जानी चाहिए उन्होंने कहा कि सीवरेज में रसोई का एवं अन्य कचरा नहीं डालें, उन्होंने कहा कि नालियाँ केवल बरसाती पानी के लिए ही है ।
लुणु ने बताया कि वरिष्ठ अध्यापिका राजभारती शर्मा की देखरेख में आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में पच्चास संभागियों ने भाग लिया । प्रतियोगिता में
रोहित सिंह राजपुरोहित प्रथम,अंजली सोलंकी द्वितीय एवं शबनम बानो तीसरे स्थान पर रही। विजेताओं को मुख्य अतिथि राजीव गुप्ता ने पुरस्कार प्रदान किये । कार्यक्रम में वरिष्ठ रंगकर्मी दयानंद शर्मा एवं अक्षय खत्री भी उपस्थित रहे ।
*रैली निकाली*
सीवरेज जागरूकता अभियान के अन्तर्गत गंगाशहर स्थित गौपेश्वर बस्ती में सीवरेज जागरूकता रैली का आयोजन किया गया । एसओटी टीम के रामप्रकाश जाट ने बताया कि रैली में विधार्थियों ने आमजन को सीवरेज के रखरखाव संबंधी नारों के माध्यम से जागरूक किया तथा पेम्पलेट एवं स्टीकर वितरण किया ।