Thar पोस्ट, न्यूज बीकानेर। जिले के 199 आंगनबाड़ी केन्द्रों को माॅडल केन्द्र के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए स्वीकृतियां जारी कर दी गई हैं।
जिला कलक्टर भगवती प्रसाद कलाल ने बताया कि आंगनबाड़ी केन्द्रों को बच्चों के लिए और अधिक उपयोगी बनाने के उद्देश्य से पहले चरण में प्रत्येक पंचायत समिति के दो-दो केन्द्रों को माॅडल केन्द्र बनाने की स्वीकृति जारी की गई। इनमें से अधिकत केन्द्रों का कार्य पूर्ण हो चुका है। इसके बेहतर परिणाम देखने को मिले। इसी श्रृंखला में दूसरे चरण में जिले के 512 केन्द्रों को माॅडल केन्द्र बनाने का निर्णय लिया गया है तथा इनमें से 199 केन्द्रों की स्वीकृतियां जारी कर दी गई हैं।
जिला कलक्टर ने बताया कि इनमें कोलायत के 89, बीकानेर ग्रामीण के 25, खाजूवाला और पांचू के बीस-बीस, श्रीडूंगरगढ़ के 18, लूणकरणसर के 16 और नोखा के 11 आंगनबाड़ी केन्द्र सम्मिलित हैं। यह कार्य सबंधित ग्राम पंचायतों द्वारा करवाया जाएगा। प्रत्येक कार्य के लिए समयसीमा का निर्धारण किया गया है।
यह होता है माॅडल केन्द्रों में
जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी नित्या के. ने बताया कि माॅडल केन्द्रों में आवश्यक के अनुसार मरम्मत करवाने के पश्चात् इनकी दीवारों पर ज्ञानवर्धक वाॅल पेंटिंग बनाई जाएंगी। इनमें गिनती, वर्णमाला, पशु पक्षियों, कार्टूंस और नापतौल के चित्रों का अंकन करवाया जाएगा। यहां के शौचालय साफ सुथरे होंगे। स्वच्छ पेयजल की व्यवस्थ होगी। बच्चों के लिए फर्नीचर और एलईडी टीवी, पुस्तकों, खेल सामग्री आदि की व्यवस्था की जाएगी।
ऊर्जा मंत्री भाटी के प्रयासों से श्रीकोलायत को उच्च शिक्षा में मिली दोहरी सौगात
बज्जू का राजकीय महाविद्यालय स्नातक से स्नातकोत्तर में क्रमोन्नत
देशनोक महाविद्यालय में विज्ञान संकाय स्वीकृत
Thar पोस्ट, न्यूज बीकानेर। ऊर्जा मंत्री भंवर सिंह भाटी के प्रयासों से विधानसभा क्षेत्र श्रीकोलायत को राजकीय महाविद्यालय बज्जू की क्रमोन्नति एवं राजकीय महाविद्यालय देशनोक में विज्ञान संकाय की स्वीकृति की सौगात मिली है। इस सम्बंध में उच्च शिक्षा विभाग ने आदेश जारी किए हैं।
ऊर्जा मंत्री भाटी ने बताया कि राजकीय महाविद्यालय बज्जू के स्नातक स्तर तक संचालित होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को स्नातकोत्तर अध्ययन के श्रीकोलायत या बीकानेर जाना पड़ता था, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान के साथ अन्य परेशानियों का सामना भी करना पड़ता था। बालिकाओं के लिये यह अधिक कष्टकारक था। इसलिये क्षेत्र के युवाओं एवं अभिभावकों की मांग से उन्होंने मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत एवं उच्च शिक्षा मंत्री श्री राजेन्द्र यादव को अवगत करवाया, जिस पर उन्होंने त्वरित स्वीकृति जारी करवाकर क्षेत्र को यह सौगात प्रदान की है।
ऊर्जा मंत्री ने बताया कि देशनोक स्थित राजकीय महाविद्यालय में विज्ञान संकाय प्रारम्भ करवाये जाने की मांग भी क्षेत्रवासियों द्वारा निरन्तर रखी जा रही थी, अब यह मांग भी पूर्ण हो गई है। इससे देशनोक के विद्यार्थियों को विज्ञान विषय में उच्च अध्ययन की सुविधा स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो पाएगी। उल्लेखनीय है कि पूर्व में मंत्री भाटी के प्रयासों से ही देशनोक को सरकारी कॉलेज को सौगात मिली थी। अब सतत प्रयासों की बदौलत नया संकाय स्वीकृत किया गया है।
श्रीकोलायत निवासियों ने इस दोहरी सौगात के लिए मंत्री भाटी का आभार व्यक्त किया है।
गौरतलब है कि श्रीकोलायत विधानसभा क्षेत्र में एक भी राजकीय महाविद्यालय नहीं था, वहां ऊर्जा मंत्री भाटी के प्रयासो से मात्र तीन वर्ष में 5 राजकीय महाविद्यालय प्रारम्भ हुए हैं। श्रीकोलायत विधानसभा क्षेत्र में उच्च शिक्षा में ऐतिहासिक कार्य हुआ है। इनमें 2 स्नातकोत्तर महाविद्यालय, श्रीकोलायत एवं बज्जू, 2 स्नातक महाविद्यालय देशनोक एवं हदां तथा 1 कन्या महाविद्यालय श्रीकोलायत प्रारंभ हो गए हैं। इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों में उच्च शिक्षा के प्रति जागृति आई है।