Thar पोस्ट, न्यूज राजस्थान। फिजां में तेज गर्मी का अहसास होने के साथ ही राजस्थान की राजनीति गरमाने लगी है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट और राहुल गांधी की दो दिन पहले हुई मुलाकात के बाद अब इसे लेकर सियासी चर्चा शुरू हो गई है। जानकारों के अनुसार इस मुलाकात के दौरान सचिन पायलट ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से करीब एक घंटे तक राजस्थान और देश के सियासी मुद्दों पर चर्चा की है। मुलाकात को सचिन पायलट को संगठन में बड़ी जिम्मेदारी देने से भी जोड़कर देखा जा रहा है। सचिन पायलट की राहुल से मुलाकात में संगठन चुनाव, गुजरात, हिमाचल चुनाव, राजस्थान में सत्ता और संगठन के हालात पर चर्चा हुई है। इसके साथ ही पार्टी संगठन को मजबूत करके नए वर्कर्स और यूथ को पार्टी से जोड़ने के रोडमैप बनाने को लेकर भी डिस्कशन हुआ है।