Thar पोस्ट। राजस्थान में कोरोना कम हो रहा है। इस देखते हुए अब सरकार अनलॉक का दायरा बढ़ाने की तैयारी कर रही है। सरकार रविवार के वीकेंड कर्फ्यू को हटाकर सातों दिन बाजार खोलने पर विचार कर रही है। बाजार खुलने का समय भी बढ़ सकता है। जानकारी के अनुसार गृह विभाग ने ‘अनलॉक-4’ की नई गाइडलाइन का प्रारूप तैयार करके मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को मंजूरी के लिए भेज दिया है। अब सीएम गहलोत की मंजूरी के बाद शनिवार को गृह विभाग अपनी नई गाइडलाइन जारी कर सकता है।
नई गाइडलाइन में बाजार खुलने का समय शाम 7 बजे बढाकर शाम 9 बजे तक किया जा सकता है। नाइट कर्फ्यू भी शाम 8 बजे की जगह रात 9 या 10 बजे से लागू हो सकता है।
गृह विभाग ने 26 जून को ही नई गाइडलाइन जारी की थी। अब गाइडलाइन में और संशोधन करने की कवायद की जा रही है।
शहर में सिटी बसों का समय भी बढ़ाया जा सकता है। पेट्रोल पंपों पर निजी वाहनों के लिए पेट्रोल-डीजल भरवाने का समय रात 9 बजे तक किया जा सकता है।
नई गाइडलाइन में फिलहाल स्कूल, कॉलेज और कोचिंग को बंद रखने की ही सिफारिश की गई है।
शिक्षण संस्थान फिलहाल बंद रहेंगे। कोरोना के नए वैरिएंट और तीसरी लहर के खतरे की आशंका को देखते हुए स्कूल खोलने का फैसला सरकार ने टाल दिया है।
नई गाइडलाइन में धार्मिक, सामाजिक, राजनीतिक कार्यक्रमों की बड़ी गैदरिंग,रैलियों की अनुमति नहीं होगी। इन पर रोक बरकरार रहेगी।
पंचायतीराज और स्थानीय निकायों के उपचुनावों के प्रचार में 5 से ज्यादा लोग नहीं जा सकेंगे। चुनावी जुलूस और रैलियां नहीं हो सकतीं। मेलों और हाट बाजारों पर भी अभी रोक रहेगी।
गृह विभाग ने 26 जून को अनलॉक की संशोधित गाइडलाइन जारी की थी।
जिसमें 60 प्रतिशत कर्मचारियों के सिंगल डोज लगी होने वाली दुकानों और प्रतिष्ठानों को शाम सात बजे तक खोलने की अनुमति दी गई। अब इसी शर्त के साथ फिर समय बढ़ाने पर विचार किया जा रहा है।
कोरोना के मामले कंट्रोल में होने तक नाइट कर्फ्यू जारी रहेगा। मुख्यमंत्री के कोरोना कोर ग्रुप से जुड़े विशेषज्ञों ने अभी कुछ पाबंदियां जारी रखने की सिफारिश की हैं। इसमें नाइट कर्फ्यू के साथ भीड़भाड़ को रोकना भी शामिल है।