






Thar पोस्ट न्यूज। बीकानेर में आयकर अधिकारी (टीडीएस), बीकानेर द्वारा नवनियुक्त कनिष्ठ लेखाकारों के लिए नये आयकर अधिनियम, 2025 पर टीडीएस कार्यशाला का आयोजन हुआ।

आयकर आयुक्त (टीडीएस), राजस्थान श्री शैलेंद्र शर्मा के निर्देशनुसार अपर आयकर आयुक्त श्रीमती निधि नायर एवं एचसीएम श्री नरेन्द्र थोरी के मार्गदर्शन में हरीशचन्द्र माथुर राजस्थान राज्य लोक प्रशासन संस्थान (रीपा) में एक विशेष टीडीएस सेमिनार का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला नव नियुक्त कनिष्ठ लेखाकारों के वर्ग के लिए आयोजित की गयी थी जिसमें राजस्थान के विभिन्न हिस्सों से आये लगभग 100 जूनियर अकाउंटेंट्स ने भाग लिया।
उक्त कार्यशाला के मुख्य वक्ता आयकर अधिकारी (टीडीएस), बीकानेर श्री रामकृष्ण जाखड़ थे। उन्होंने प्रतिभागियों को सम्बोधित करते हुए नये आयकर अधिनियम, 2025 के तहत टीडीएस से सम्बन्धित प्रमुख नवीन प्रावधानों और नियमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने सरकारी विभागों में टीडीएस की सही एवं कटौती और सही वित्तीय प्रबंधन सुनिश्चित करने में इसकी महत्ता पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर विशिष्ट वक्ता के रूप में उपस्थित चार्टर्ड अकाउंटेंट श्री अंकुश चोपड़ा ने नये अधिनियम के तहत टीडीएस रिटर्न दाखिल करने की प्रक्रिया, सामान्य त्रुटियों और उनके सुधार से जुड़े तकनीकी पहलुओं को बारीकी से समझाया।
कार्यक्रम के दौरान आयकर निरीक्षक श्री बलदेव सारण ने उपस्थित लेखाकारों की विभिन्न शंकाओं और सवालों का समाधान किया और अंत में प्रतिभा कसंवा ने धन्यवाद प्रस्ताव पारित किया। इस सेमिनार का मुख्य उद्देश्य राजस्थान सरकार के विभिन्न विभागों में नियुक्त होने वाले कनिष्ठ लेखाकारों को नयी वित्तीय एवं कर नियमों के प्रति जागरूक करना था ताकि वे अपने राजकीय कार्यों में टीडीएस सम्बन्धी दायित्वों का शुद्धता एवं समयबद्धता के साथ निर्वहन कर सकें।
