Thar पोस्ट न्यूज। बीकानेर शहर के उपनगर गंगाशहर क्षेत्र में एक व्यापारी के साथ साइबर ठगी का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार रेडीमेड गारमेंट व्यवसायी के खाते से महज 20 मिनट के भीतर पांच लाख रुपए से अधिक की राशि पार कर दी गई। पीड़ित व्यापारी चंचल कुमार बोथरा ने इस संबंध में साइबर पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। परिवादी ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि 29 मई की शाम करीब 7:30 बजे उनके मोबाइल पर खाते से 50 हजार रुपए निकलने का मैसेज आया। अचानक खाते से राशि कटने की सूचना मिलते ही वह हैरान रह गए। इसके बाद अगले करीब 20 मिनट में खाते का पूरा बैलेंस साफ हो गया। ठगी का पता चलते ही उन्होंने तत्काल ऑनलाइन माध्यम से साइबर थाने में शिकायत दर्ज करवाई।