








Thar पोस्ट न्यूज जोधपुर।18 नवंबर 1962 को मेजर शैतान सिंह के नेतृत्व में 120 वीर अहीरों के द्वारा लड़े गए। रेजांगला युद्ध की याद में शहीद स्थल पर रेजांगला शौर्य दिवस मनाया गया तथा रेजांगला युद्ध के शहीदों की शहादत की याद में 114 दीप प्रज्वलित कर पुष्पांजलि अर्पित की गई। यादव समाज के अध्यक्ष जगदीश यादव ने बताया कि यादव समाज, मेजर शैतान सिंह रेजांगला शौर्य समिति ने इस शौर्य दिवस पर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। मेजर शैतान सिंह तथा चार्ली कंपनी के 120 वीर अहीरों ने चीन को चूसुल घाटी से आगे बढ़ने से रोका। रेजांगला युद्ध हमारी सामरिक जीत थी अन्यथा हमें बहुत नुकसान होता। चीन जम्मू तक आ जाता जिसे इस संघर्ष और बलिदान ने रोका। मेजर शैतान सिंह रेजांगला शौर्य समिति के अध्यक्ष एन डी वैष्णव ने युद्ध की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि लद्दाख की विकट परिस्थितियों में भी अपने से 10 गुना चीनी सैनिकों को मार गिराना शौर्य और पराक्रम की मिशाल है। यह युद्ध युवा पीढ़ी को प्रेरणा देता है जो जोश और जज्बे से भर देगा।






रेजांगला शौर्य दिवस के अवसर पर यादव समाज अध्यक्ष जगदीश यादव, महासचिव राजकुमार यादव, उपाध्यक्ष मदन सिंह यादव, डॉ अजय शंकर यादव, संरक्षक डॉ रणजीत सिंह यादव, युवा अध्यक्ष चेतन यादव, कोषाध्यक्ष संजय यादव, आईटी प्रभारी रामावतार यादव, मेजर शैतान सिंह रेजांगला शौर्य समिति के अध्यक्ष एन डी निम्बावत, रेलवे डिप्टी प्रबंधक रवि यादव, राजेश यादव, उम्मेद सिंह यादव, अमर सिंह यादव, कृष्ण कुमार , ओमप्रकाश यादव, रामराज यादव, राजपाल यादव, गौरव निम्बावत, धर्मेंद्र यादव, पिंकी यादव, लीना यादव, यशस्वी यादव आदि ने सहभागिता की।
मारवाड़ धरा सूर्यनगरी जोधपुर के वीर सपूत मेजर शैतान सिंह 1962 भारत-चीन युद्ध में भारत के 120 सैनिकों की टुकड़ी के साथ 17000 फीट ऊंचाई पर भारत-चीन सीमा रेजांगला पर तैनात थे। 18 नवम्बर, 1962 को चीन के 5000 से अधिक सैनिकों ने अचानक रेजांग ला पोस्ट पर आक्रमण कर दिया। एक तरफ सर्दी के मौसम में बर्फबारी के कारण से आवगमन के सम्पर्क कट जाते थे उसके साथ ही सीमित मात्रा में गोला बारूद थे, इतनी दुर्गम ऊंचाई पर राहत व सैन्य सामान पहुंचाना कठिन होता था फिर भी मेजर शैतान सिंह के नेतृत्व में 120 अहीर सैनिकों के साथ अपने अदम्य साहस, शौर्य का परिचय देते हुए चीनी सेना से लोहा लिया तथा देश के लिए अपने प्राण न्यौछावर करते हुए वीर गति को प्राप्त हुए। उनके पास गोला बारूद खत्म होने के बाद प्रत्येक भारतीय सैनिक ने दो-दो चीनी सैनिकों को अपनी भुजाओं में दबोचकर मौत के घाट उतार दिया। इस युद्ध में भारतीय सेना के वीर योद्धाओं ने चीन की सेना के 5000 सैनिकों ने सामना करते हुए 1300 चीनी सैनिको को मौत के घाट उतारा। इस युद्ध में मेजर शैतान सिंह सहित 114 सैनिक वीर गति को प्राप्त हुए। बर्फबारी समाप्त होने पर 84 दिन बाद जब भारतीय सेना रेजांगला पहुंची तो सभी के शव बर्फ में दबे हुए थे। उनके हाथो में बंदूके थी या पत्थर थे सब एक्शन मोड़ में थे। भारत सरकार द्वारा मेजर शैतान सिंह को अदम्य साहस एवं शौर्य का परिचय देते हुए अपने प्राणों की आहुति देने के लिए भारत का सर्वोच्च सैन्य सम्मान परमवीर चक्र से सुशोभित किया गया। परमवीर चक्र के साथ ही 8 वीर चक्र तथा 4 सेना मैडल देकर सैनिको को नवाजा गया। स्वर कोकिला लता मंगेशकर ने ‘ए मेरे वतन के लोगो..’ देश भक्ति गीत के माध्यम इस युद्ध को आमजन तक पहुंचाया गया है।