


Thar पोस्ट न्यूज। बीती रात तक पूनरासर गांव में पूनरासर हनुमानजी के मंदिर भक्तों की आवाजाही रही। बाबा का भाद्रपद मेला शनिवार को भरा। बीकानेर के अलावा प्रदेश और देश के विभिन्न स्थानों से आए श्रद्धालुओं ने बाबा के चरणों में धोक लगाई और रोटा चूरमा का विशेष भोग अर्पित किया। मेले के दौरान मंदिर परिसर और धर्मशालाएं बाबा के जयकारों से गूंजती रही। बस, कार, जीप, ऊंट गाड़ों, बाइक से भक्त पहुंचे। शनिवार को सुबह से भक्तों की लंबी कतारें देखी गई। दर्शनों का क्रम रात तक चलता रहा।

बीकानेर की अनेक सेवा संस्थाओं की ओर से श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने श्रद्धा भाव के साथ महाप्रसदी ग्रहण की।
पुजारी ट्रस्ट की ओर से आटा, घी और शक्कर का वितरण किया गया। मेले के दौरान रामायण चौकी पर अखंड रामचरित मानस पाठ की चौपाइयां गूंजती रही। पूनरासर हनुमान मंदिर सहित खेजड़ी मंदिर में दर्शनों का सिलसिला चलता रहा। मेले के दौरान पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा और यातायात की पुख्ता व्यवस्थाएं की। प्रात: काल बाबा की प्रतिमा के अभिषेक, पूजन, श्रृंगार, भोग, आरती के साथ प्रारंभ हुआ दर्शनों का सिलसिला जारी रहा। इस दौरान हजारो श्रद्धालुओं ने बाबा की प्रतिमा सहित खेजड़ी मंदिर में दर्शन किए। मंदिर के गर्भगृह से मंदिर परिसर व बाहर सड़क मार्ग तक श्रद्धालुओं की लंबी कतारे लगी रही। श्रद्धालुओं ने कतारों में लगकर बाबा की प्रतिमा के दर्शन कर चरणों में धोक लगाई व प्रसाद अर्पित किया।



