





Thar पोस्ट न्यूज। फर्जीवाड़े करने की आरोपी युवती गिरफ्तार। राजस्थान में भर्ती परीक्षाओं में फर्जीवाड़े के खिलाफ कार्रवाई करते हुए स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने डमी कैंडिडेट बैठाकर वनरक्षक भर्ती परीक्षा पास कर सरकारी नौकरी हासिल करने वाली युवती को गिरफ्तार किया है। आरोपी प्रमिला (29) जालोर जिले के सांचौर क्षेत्र के सरनाऊ गांव की निवासी है और वर्तमान में सिरोही जिले के रेवदर थाना क्षेत्र स्थित वनपाल नाका जीरावल में वनरक्षक के पद पर कार्यरत थी।

एसओजी के एडीजी विशाल बंसल ने बताया कि वनरक्षक भर्ती परीक्षा-2020 में हुई गड़बड़ियों की जांच के दौरान यह मामला सामने आया। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा आयोजित परीक्षा में प्रमिला का परीक्षा केंद्र 13 नवंबर 2022 को राजसमंद के कांकरोली में था। जांच में सामने आया कि उसने अपनी जगह डमी कैंडिडेट को परीक्षा में बैठाकर भर्ती परीक्षा पास की और सरकारी नौकरी हासिल कर ली।