ताजा खबरे
IMG 20260531 195552 पीबीएम अस्पताल परिसर सहित 20 स्थानों पर काटे चालान Rajasthan News Portal बीकानेर अपडेट
Share This News

Thar पोस्ट न्यूज। जिले भर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा कोटपा अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु विशेष अभियान चलाया गया। डॉ. लोकेश गुप्ता, रवींद्र सिंह शेखावत एवं कमल कुमार पुरोहित के नेतृत्व में गठित दल द्वारा पीबीएम अस्पताल परिसर में सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कोटपा एक्ट 2003 की धारा-4 के तहत चालान काटे गए। वहीं तंबाकू उत्पादों का प्रदर्शन करते हुए विक्रय करने वाले दुकानदारों के विरुद्ध धारा-6 के अंतर्गत कार्रवाई की गई।

इसी प्रकार खाद्य सुरक्षा अधिकारी भानु प्रताप सिंह गहलोत तथा श्रवण कुमार वर्मा के दल द्वारा सादुल गंज, पीबीएम अस्पताल परिसर, पवन पुरी तथा कलेक्ट्रेट परिसर के आसपास 20 से अधिक संस्थानों पर कोटपा एक्ट के तहत चालान काटने की कार्रवाई की गई।
विश्व तंबाकू निषेध दिवस के समर्थन में जिला पान विक्रेता संघ के आह्वान पर शहर के अनेक क्षेत्रों में पान एवं तंबाकू उत्पादों की दुकानें स्वेच्छा से बंद रखी गईं।

इसके साथ ही विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले भर में वेबिनार, शपथ ग्रहण, चालान कार्रवाई और जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुखराज साध ने बताया कि राज्य स्तर से आयोजित वेबिनार में तंबाकू सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों, कैंसर सहित गंभीर बीमारियों, तंबाकू छोड़ने के उपायों तथा राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई।


वेबिनार को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के राज्य नोडल अधिकारी एवं संयुक्त निदेशक डॉ. सत्यनारायण धौलपुरिया ने बताया कि मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा एवं चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के मार्गदर्शन में वर्ष 2025-26 के दौरान राज्य द्वारा तंबाकू नियंत्रण के क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा सम्मानित किया गया है। उन्होंने इसे अभियान से जुड़े प्रत्येक अधिकारी एवं कार्मिक के सामूहिक प्रयासों की सफलता बताया। डॉ. धौलपुरिया ने तंबाकू उपयोग से संबंधित वैश्विक आंकड़ों तथा राज्य स्तर पर किए जा रहे नवाचारों और प्रयासों की जानकारी भी दी। वेबिनार में राज्य कार्यक्रम अधिकारी नरेंद्र सिंह तथा ब्रह्माकुमारीज संस्थान मेडिकल विंग के डॉ. बनारसीलाल सहित विभिन्न विशेषज्ञों ने तंबाकू सेवन से होने वाले स्वास्थ्य दुष्प्रभावों और बचाव के उपायों पर अपने विचार रखे।
जिला स्तर पर वीसी से डिप्टी सीएमएचओ स्वास्थ्य डॉ. लोकेश गुप्ता, राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम जिला प्रकोष्ठ के सलाहकार रवींद्र सिंह शेखावत, सामाजिक कार्यकर्ता कमल कुमार पुरोहित, जिला कार्यक्रम समन्वयक मालकोश आचार्य, दंत चिकित्सक डॉ. सुनील खत्री, डॉ. रवींद्र गोदारा तथा नर्सिंग अधिकारी विजय सिंह शेखावत सहित विभिन्न अधिकारी एवं कर्मचारी जुड़े। वहीं ब्लॉक स्तर से ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी, ब्लॉक कार्यक्रम अधिकारी तथा दंत चिकित्सकों ने सहभागिता की। वेबिनार के उपरांत सभी प्रतिभागियों ने तंबाकू सेवन नहीं करने तथा समाज को तंबाकू मुक्त बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ ग्रहण की।



Share This News