






Thar पोस्ट न्यूज। राजस्थान के कोटा जिले में फौजी के मर्डर मामले का पटाक्षेप हो गया है। जिले के आरकेपुरम थाना क्षेत्र में रिटायर्ड फौजी मनोज कुमार शर्मा हत्याकांड में पुलिस जांच में हिरासत में ली गई पत्नी दीपिका ने अपने प्रेमी और उसके साथी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। पुलिस के अनुसार पति उसके रिश्ते में बाधा बन रहा था, जिसके चलते उसने इस वारदात को अंजाम दिया।घटना की रात घर में शराब पार्टी के दौरान विवाद हुआ, जिसके बाद प्रेमी देवेश और उसके साथी ने दीपिका की मौजूदगी में मनोज का गला घोंट दिया। वारदात के बाद आरोपियों ने मामला छिपाने के लिए जल्दबाजी में अंतिम संस्कार की तैयारी भी शुरू कर दी थी। गुरुवार रात आवंली रोजड़ी क्षेत्र में मनोज शर्मा का शव घर के पलंग पर मिला था। शुरुआत में मौत को सामान्य बताने की कोशिश की गई, लेकिन पड़ोसियों को कुछ शक हुआ। अजमेर से पहुंचे मृतक के पिता ने गले पर निशान देखे तो पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मामला हत्या में बदल गया। पुलिस ने मामले में पत्नी दीपिका और एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी देवेश फरार है, जिसकी तलाश जारी है। एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और पुलिस अब मोबाइल डेटा व अन्य सबूतों के आधार पर पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। करीब 5 साल पहले सेना से रिटायर हुआ था और वर्तमान में अजमेर डिस्कॉम में कार्यरत था। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैली हुई है और परिजन पूरे मामले में सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।


