





Thar पोस्ट न्यूज। राजस्थान में इस बार समय से पहले सर्दी दस्तक दे रही है। मौसम विभाग का कहना है कि शीतलहर और कोहरे की आहट भी जल्दी होने वाली है। राजधानी जयपुर के अलावा गंगानगर, चुरू व आसपास के इलाकों में सुबह शाम में धुंध का असर दिखाई भी देने लगा है। मौसम विज्ञानियों की मानें तो नवंबर के प्रथम सप्ताह में भी राजस्थान में जयपुर समेत कई शहरों में हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान है, राजस्थान के उत्तर पूर्व के कुछ भागों में घना कोहरा छाने और तेज रफ्तार से शीतलहर चलने की आशंका है। विभाग के मुताबिक





वायुमंडल में मौसम तंत्र में बदलाव के प्रभाव से राजस्थान में सामान्यतया एक दो ही पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होते हैं। हिमालय तराई क्षेत्र में बदल रहे मौसम तंत्र के असर से इस बार नवंबर में संभावित पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने और उनकी सफलता का प्रतिशत ज्यादा रहने की संभावना है। हिमालय क्षेत्र में जल्द शुरू हो रही बर्फबारी और विंड पैटर्न बदलने पर उत्तर पूर्वी हवाओं से नवंबर माह में ही लोगों को कड़ाके की सर्दी महसूस होने वाली है। धूजणी छुड़ाने वाली सर्दी के असर के साथ ही राजस्थान के उत्तर पूर्वी भागों घने कोहरे का असर भी इस बार नवंबर के पहले सप्ताह में भी नजर आने की आशंका है।