





Thar पोस्ट न्यूज़। मॉनसून की टर्फ लाइन अनेक राज्यों के ऊपर से गुजर रही है। मौसम विभाग की माने तो राज्य में बारिश का दौर अभी जारी रहेगा।





विभाग के अनुसार, 30 जून तक पूर्वी राजस्थान के भरतपुर, कोटा, उदयपुर, अजमेर और जयपुर संभागों में जोरदार बारिश हो सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि राज्य के पूर्वी भागों में बारिश की गतिविधियां आगामी एक सप्ताह जारी रहने व कहीं-कहीं भारी बारिश होने की पूरी संभावना है। इसके अनुसार, पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर संभाग के कुछ भागों में भी आगामी दिनों में बादलों की गरज के साथ बारिश होगी। वहीं बीकानेर, जोधपुर संभाग में 26 से 29 जून के दौरान बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने और कहीं-कहीं भारी बारिश होने का अनुमान है।
इन जिलों में ताबड़तोड़
मौसम विभाग ने 25 जून को बारां, कोटा, झालावाड़ में भारी बारिश, 26 जून को कोटा, झालावाड़, डूंगरपुर, प्रतापगढ़, 27 जून को जयपुर, अलवर, भरतपुर, कोटा और 28 जून को जयपुर, कोटा, श्रीगंगानगर, सीकर, नागौर में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
यह है प्रमुख वजह
मौसम विभाग ने बताया कि वर्तमान में मॉनसून की ट्रफ लाइन पश्चिमी उत्तर प्रदेश और मध्य राजस्थान से होकर गुजर रही है, जिसके चलते पूर्वी राजस्थान में बारिश की तीव्रता बनी हुई है। अगले एक सप्ताह तक पूर्वी राजस्थान में हल्की से मध्यम तथा कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।