बीकानेर (पश्चिम) विधायक जेठानंद व्यास एवं महापौर सुशीला कंवर राजपुरोहित ने बुधवार को बेनीसर बारी हेरिटेज द्वार निर्माण कार्य का लोकार्पण किया। नगर निगम द्वारा इस पर लगभग 9 लाख रुपये व्यय किए गए हैं।
इस अवसर पर विधायक व्यास ने कहा कि ऐतिहासिक दरवाजे और बारियां शहर की विरासत हैं। इन्हें सहेज रखना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। निगम द्वारा करवाया गया यह कार्य इस दिशा में अच्छी पहल है। उन्होंने कहा कि शहरी परकोटे में सड़क निर्माण सहित अन्य कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। नए आयुष्मान आरोग्य मंदिर खोले गए हैं। जिनसे घर के पास चिकित्सा सुविधा मिलने लगी हैं। पहली बार शहरी क्षेत्र में रोजगार मेलों का आयोजन किया गया है। भामाशाहों के सहयोग से स्कूलों और चिकित्सा संस्थानों में आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जा रहा है।
महापौर ने कहा कि निगम द्वारा बारियों के संरक्षण के साथ आसपास की सड़कों और नालियों के निर्माण एवं रखरखाव का कार्य करवाया जा रहा है। वार्ड 59 में द्वार सहित अन्य कार्यों पर लगभग 30 लाख रुपए व्यय किए गए हैं। निगम द्वारा शहर को साफ-सुथरा बनाए रखने के सतत प्रयास किए जा रहे हैं। इसमें आमजन की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति स्वच्छता के मानकों की पालना करे और प्रतिबंधित पाॅलीथीन का उपयोग नहीं करें। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी शुरूआत करके हम स्वच्छता के क्षेत्र में बड़ा बदलाव ला सकते हैं।
वार्ड 59 की पार्षद डॉ. सुनीता व्यास ने आभार जताया। इस दौरान उप महापौर राजेन्द्र पंवार, निगम उपायुक्त यशपाल आहूजा, जेपी व्यास, कन्हैया लाल चावरिया, विप्र फाउण्डेशन के भंवर पुरोहित, दुर्गाशंकर व्यास, गोपाल आचार्य, नरेन्द्र पारीक, सत्य नारायण छंगाणी, कपिल देव हर्ष सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
*********
*’स्वनिधि भी स्वाभिमान भी’ पखवाड़ा : निगम कार्यालय में शिविर 18 से*
बीकानेर। पीएम स्वनिधि योजना के तहत स्ट्रीट वेण्डर को रोजगार शुरू करने हेतु एक लघु ब्याज आधारित ऋण उपलब्ध कराने के लिए 18 नवंबर से 2 दिसंबर तक तक ‘स्वनिधि भी स्वाभिमान भी’ पखवाड़ा कैम्प नगर निगम मुख्य कार्यालय सभागार में प्रातः 10 बजे से सांय 5 बजे तक आयोजित किया जाएगा।
नगर निगम आयुक्त मयंक मनीष ने बताया कि 24 मार्च 2020 से पहले विक्रय गतिविधि कर रहे पथ विक्रेता, शहरों में फेरी लगाने वाले पथ विक्रेता, शहरी इलाके के आस पास एवं ग्रामीण इलाकों से आये पथ विक्रेता को योजना के तहत लाभान्वित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत पथ विक्रेता एक वर्ष के लिए 10 हजार रुपए का ऋण बिना गारंटी के प्राप्त कर सकते है। ऋण को समय पर चुकाने पर 7 प्रतिशत की सब्सिडी दी जाएगी। नगर निगम आयुक्त ने बताया कि प्रथम ऋण की समय पर ऋण वापसी पर द्वितीय ऋण 20 हजार रुपए का तथा द्वितीय ऋण की समय पर ऋण वापसी पर तृतीय ऋण 50 हजार रुपए का प्राप्त कर सकते है। ऋण आवेदन आधार कार्ड, बैंक पासबुक तथा आधार से लिंक मोबाईल नम्बर होना अनिवार्य है।
*शिविरों का यह रहेगा कार्यक्रम*
निगम आयुक्त ने बताया कि 18 नवंबर को 1, 2, 21,19, 20,18,17, 42 वार्ड के, 19 नवंबर को 16, 40, 39, 38,15, 41, 55, 54 वार्ड के, 20 नवंबर को 13,14, 37, 36, 53, 69, 68, 52 वार्ड के, 21 नवंबर को 
12,11,10, 9, 33, 34, 35, 51 वार्ड के, 22 नवंबर को 56, 67, 66, 70, 71, 72, 77, 78 वार्ड के लोगों के लिए कैंप आयोजित किया जाएगा। इसी प्रकार 25 नवंबर 22, 23, 24, 43, 44, 57, 58, 74 वार्ड के, 26 नवंबर को 43, 59, 60, 61, 63, 64, 75, 76 वार्ड के, 27 नवंबर को 73, 79, 80, 65, 48, 49, 50, 32 वार्ड के, 28 नवम्बर को 62, 25, 46, 26, 27, 3, 4, 5 वार्ड के, 29 नवंबर को 6, 7, 8, 28, 29, 30, 31, 47 वार्ड के लोगों के लिए कैंप आयोजित किया जाएगा। इसी श्रृंखला में 2 दिसंबर को समस्त वार्ड के लिए यह कैंप आयोजित किया जाएगा।
*एलपीजी के दुरूपयोग एवं अवैध रिफिलिंग रोकथाम के लिए रसद विभाग ने दूरभाष नंबर किए जारी*
बीकानेर। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग द्वारा एलपीजी के दुरूपयोग एवं अवैध रिफिलिंग के विरूद्ध अभियान चलाया जा रहा है। आमजन घरेलू सिलेंडर के दुरुपयोग की सूचना दे सके, इसके मद्देनजर विभाग द्वारा दूरभाष नंबर 0151-2226010 जारी किए हैं। ताकि अवैध गैस रिफिलिंग के विरुद्ध अधिक से अधिक कार्यवाही की जा सके।
जिला रसद अधिकारी भागुराम महला ने बताया कि अभियान के तहत बुधवार को भी कार्यवाही जारी रही। घरेलू सिलेंडर के अवैधानिक दुरूपयोग की रोकथाम के तहत औचक निरीक्षण में प्रवर्तन अधिकारी पवन सुथार तथा प्रवर्तन निरीक्षक प्रखर भार्गव ने गंगाशहर रोड पर श्याम वेल्डिंग सेंटर से अवैध रूप से गैस रिफिलिंग करते हुए पाया गया। मौके पर विशाल नाम का युवक मिला। जिसने बताया कि दुकान और गैस रिफिलिंग का काम उसके चाचा मदनलाल पुत्र पुरखाराम रेगर द्वारा किया जाता है। इस पर उसके विरूद्ध एलपीजी अधिनियम, 2000 के खंड सं. 3,4,5 व 7 के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए मौके पर बीपीसीएल कंपनी के दो घरेलू गैस सिलेंडर, एक इलेक्ट्रोनिक कांटा व एक रिफिलिंग मशीन जब्त की गई। जब्त की गई समस्त सामग्री डागा गैस एजेंसी गंगाशहर के गोदाम में सुरक्षित रखने हेतु सुपुर्द कर पाबंद किया गया तथा आरोपी के विरूद्ध नियमानुसार सक्षम न्यायालय में वाद पेश किया जाएगा।
********