


Thar पोस्ट न्यूज। एक ही परिवार के चार सदस्यों की निर्मम हत्या। राजस्थान की राजधानी जयपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां के करधनी थाना इलाके के गोविंदपुरा क्षेत्र में एक ही परिवार के 4 सदस्यों की निर्मम हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। आरोपित राहुल झा ने अपनी ही पत्नी और 3 बेटियों को मौत के घाट उतार दिया। घर के अंदर खून से सनी 4 लाशें मिलने के बाद से आसपास के पड़ोसी और स्थानीय लोग सहम गए हैं। हत्याकांड के बाद से आरोपी राहुल झा मौके से फरार चल रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। बेटियों की उम्र 17 से 23 साल के बीच बताई जा रही है। राहुल ने घर में मौजूद ईंटों और निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाले पत्थरों के टुकड़ों से चारों के सिर पर ताबड़तोड़ कई वार किए।

इस खौफनाक हमले में चारों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जयपुर (पश्चिम) DCP प्रशांत किरण ने बताया कि तीनों बेटियां और उनकी मां घर में गहरी नींद में सो रही थी। तभी सोते समय ही उन पर भारी पत्थर से सिर पर हमला कर हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बच्चियों के दादा लक्ष्मी नाथ झा से बात की तो सामने आया कि उनका बेटा सुबह से ही घर से लापता है। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
